आगजनी की घटनाओं पर त्वरित कार्रवाई और कम समय में आग पर काबू पाने के लिए बोकारो जिले की अग्निशमन व्यवस्था को बड़ी मजबूती मिली है. हाल ही में रांची में आयोजित कार्यक्रम में झारखंड अग्निशमन सेवा के आधुनिकीकरण के तहत आधुनिक मिनी वाटर टेंडर विद मिस्ट टेक्नोलॉजी में से चार वाहन बोकारो जिले को मिले हैं. इनमें बोकारो को दो, चास को एक और तेनुघाट को एक वाहन मिले हैं.
ग्रामीण व दूरस्थ क्षेत्रों में भी होगी मौजूदगी
नये वाहनों के शामिल होने के बाद बोकारो में छोटे-बड़े मिलाकर छह, चास में चार और तेनुघाट में तीन अग्निशमन वाहन हो गए हैं. इससे शहरी क्षेत्र के साथ ग्रामीण और दूरदराज इलाकों में भी आग लगने की स्थिति में त्वरित कार्रवाई की क्षमता बढ़ेगी. अब आग की सूचना मिलते ही दमकल टीम के पास घटनास्थल तक तेजी से पहुंचेंगे.
संकरी गलियों में भी पहुंचेगी फायर ब्रिगेड
नये मिनी वाटर टेंडर की खासियत इसका कॉम्पैक्ट आकार है. संकरी गलियों, घनी आबादी और ऐसे स्थानों पर जहां बड़े दमकल वाहनों को पहुंचने में परेशानी होती है, वहां ये वाहन तेजी से पहुंच सकेंगे. मिस्ट टेक्नोलॉजी के माध्यम से कम पानी में प्रभावी तरीके से आग पर नियंत्रण पाने में भी मदद मिलेगी. आग लगने के शुरुआती मिनटों में त्वरित कार्रवाई से जान-माल के नुकसान को कम करने में इन वाहनों की भूमिका महत्वपूर्ण होगी.
बोकारो में छह वाहनों से बढ़ी ताकत
बोकारो अग्निशमन केंद्र को दो नये वाहन मिलने के बाद यहां कुल छह वाहन हो गये हैं. फायर ऑफिसर भगवान ओझा के नेतृत्व में अग्निशमन टीम को आपात स्थिति से निपटने के लिए अतिरिक्त संसाधन मिल गये हैं. एक साथ अलग-अलग स्थानों पर आग लगने की स्थिति में भी वाहनों की उपलब्धता पहले की तुलना में बेहतर होगी.
बीएसएल का अपना अलग अग्निशमन तंत्र
बोकारो स्टील प्लांट क्षेत्र में बीएसएल का अपना अग्निशमन तंत्र भी औद्योगिक सुरक्षा के लिए महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है. औद्योगिक क्षेत्र में आग और अन्य आपात परिस्थितियों से निपटने के लिए त्वरित प्रतिक्रिया बेहद अहम है.
चास में चार वाहन, त्वरित कार्रवाई होगी आसान
चास अग्निशमन केंद्र को एक नया मिनी वाटर टेंडर मिलने से यहां वाहनों की संख्या बढ़कर चार हो गयी है. चास अग्निशमन केंद्र प्रभारी विनोद कुमार सिंह ने बताया कि नये वाहन के शामिल होने से आपात स्थिति में टीम को घटनास्थल तक पहुंचने और शुरुआती स्तर पर आग पर नियंत्रण पाने में अधिक सुविधा होगी. खासकर संकरी गलियों और घनी आबादी वाले क्षेत्रों में मिनी वाटर टेंडर काफी उपयोगी साबित होगा.
तेनुघाट में भी बढ़ी दमकल की ताकत
तेनुघाट अग्निशमन केंद्र को भी एक नया वाहन मिला है. इसके बाद यहां कुल तीन अग्निशमन वाहन हो गये. इससे बेरमो-तेनुघाट क्षेत्र में आगजनी की घटनाओं पर तत्काल कार्रवाई को और मजबूती मिलेगी.
