महिला होमगार्ड जवानों को नहीं मिल रहा पर्याप्त अवसर : राजीव

बोकारो में महिला होमगार्ड जवानों ने ड्यूटी आवंटन में 50 प्रतिशत आरक्षण की मांग की है. प्रशासन को एक माह का अल्टीमेटम देते हुए आंदोलन की चेतावनी दी गई है.


बोकारो. सेक्टर-5 स्थित पुस्तकालय मैदान में रविवार को महिला होमगार्ड जवानों की आमसभा हुई. बड़ी संख्या में महिला होमगार्ड जवानों ने इसमें भाग लिया और अपनी समस्याएं रखी. ड्यूटी आवंटन में समान अवसर देने की मांग उठायी. संबोधित करते हुए झारखंड होमगार्ड वेलफेयर एसोसिएशन के प्रदेश महासचिव राजीव तिवारी ने कहा कि बोकारो जिले के सभी सरकारी कार्यालयों, संस्थानों, सार्वजनिक उपक्रमों, शैक्षणिक संस्थानों और विभिन्न ड्यूटी स्थलों पर महिला होमगार्ड जवानों को 50 प्रतिशत आरक्षण दिया जाना चाहिए.

उन्होंने कहा कि महिला जवान हर प्रकार की जिम्मेदारी निभाने में सक्षम हैं. वर्षों से कानून व्यवस्था, चुनाव, पर्व-त्योहार, वीआइपी ड्यूटी और अन्य महत्वपूर्ण कार्यों में अपनी सेवाएं दे रही हैं. इसके बावजूद इन्हें पर्याप्त अवसर नहीं मिल रहा है. ड्यूटी आवंटन की प्रक्रिया पारदर्शी होना चाहिए. यदि समान अवसर मिलेगा तो और अधिक बेहतर तरीके से अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करेंगी.

उन्होंने कहा कि सोमवार को महिला होमगार्ड जवानों का प्रतिनिधिमंडल मांगों को लेकर होमगार्ड के जिला समादेष्टा और उपायुक्त बोकारो को ज्ञापन सौंपेगा. प्रदेश महासचिव ने प्रशासन को एक माह का समय देते हुए कहा कि यदि मांगों पर ठोस निर्णय नहीं लिया गया तो महिला होमगार्ड जवान अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन शुरू करेंगी.

सभा का संचालन अनुराधा कुमारी ने किया. मौके पर चिंता कुमारी, रेखा, अभिलाषा ठाकुर, माया, निधि सिंह, पल्लवी, गायत्री, गीता, प्रमिला, मंजू, विद्या, अनिता, रानी, पूजा, रिंकी, सुमन, ममता, सीमा और संध्या आदि उपस्थित थीं. सभा के अंत में सभी ने एकजुट होकर अपने अधिकारों की लड़ाई को मजबूत करने और संगठन के आंदोलन को सफल बनाने का संकल्प लिया.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Dharmanath kumar

Published by: Kumarvishwat Sen

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >