Bokaro News : समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में शनिवार को उपायुक्त विजया जाधव ने प्रयागराज में आयोजित कुंभ मेला 2025 के अंतिम दिनों में जिला के महत्वपूर्ण स्टेशन बोकारो व चंद्रपुरा पर भीड़ बढ़ने की संभावना को लेकर तैयारी व भीड़ प्रबंधन को लेकर बैठक की.
डीसी श्रीमती जाधव ने कहा : प्रयागराज में आयोजित कुंभ मेला के अंतिम दिनों में और भीड़ बढ़ने की संभावना है, इसलिए अलर्ट रहना होगा. उन्होंने एआरएम से जिला के स्टेशनों पर भीड़ नियंत्रण की वर्तमान व्यवस्था की जानकारी ली. 150 से भी ज्यादा सुरक्षा बलों की रेलवे स्टेशनों पर की गयी है तैनाती : आद्रा मंडल एआरएम विनीत कुमार ने बताया : 150 से ज्यादा रेलवे पुलिस सुरक्षा बल जवान, जीआरपी पुलिस बल व जिला पुलिस बल के जवानों को प्रतिनियुक्त किया गया है. बोकारो रेलवे स्टेशन पर मुख्यालय डीएसपी एवं चंद्रपुरा रेलवे स्टेशन पर बेरमो डीएसपी वरीय प्रतिनियुक्त है, इसके अतिरिक्त रेलवे के वरीय पदाधिकारी भी तैनात रहते हैं.स्टेशन में वैध यात्रियों को ही दिया जा रहा प्रवेश :
एआरएम ने बताया कि माइकिंग व क्यू मैनेजमेंट से स्टेशन आने वाली ट्रेनों के यात्रियों को उतरने एवं चढ़ने का इंतजाम किया गया है. ट्रेन में भीड़ की क्या स्थिति है इसकी जानकारी प्रस्थान स्टेशन रांची से प्राप्त की जाती है, वहीं, ट्रेन के रवानगी के बाद अगले स्टेशन को इससे अवगत भी कराया जाता है, ताकि पहले से व्यवस्था को दुरूस्त किया जा सके. रेलवे स्टेशन में वैध यात्रियों का ही प्रवेश सुनिश्चित किया जाता है, दिव्यांग व बीमार यात्रियों के लिए ट्राई साइकिल-स्ट्रेचर आदि की व्यवस्था है. कोच इंडीकेशन की जानकारी लगातार माइकिंग के माध्यम से यात्रियों को दी जाती है. हर कोच के समक्ष चार पुलिस जवान को लगाया गया है, जो पहले ट्रेन से उतरने वाले यात्रियों को उतारने में सहयोग करते हैं, और फिर ट्रेन में चढ़ने वाले यात्रियों को ट्रेन में चढ़ने में सहयोग करते हैं. स्टेशन में प्रवेश व निकासी द्वारा का अनुपालन सुनिश्चित किया गया है. बैगेज स्कैनर का भी इस्तेमाल किया जा रहा है. स्टेशन में आपात स्थित या मेडिकल स्थिति से निपटने को लेकर भी सदर अस्पताल व रेलवे अस्पताल को चिह्नित किया गया है, चिकित्सक समेत एबुलेंस की व्यवस्था रखी गई है. उपायुक्त श्रीमती जाधव ने कहा : अभी तक समन्वय के साथ जिले के स्टेशनों पर अच्छा कार्य किया गया है, इसे आगे भी जारी रखना है. बढ़ती भीड़ को लेकर हमें और सतर्क रहना है.रेलवे स्टेशनों के निरीक्षण का दिया निर्देश : डीसी ने एसी, एसडीओ चास एवं डीटीओ को रेलवे स्टेशनों का निरीक्षण करने को कहा. मौके पर पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गियारी, एआरएम आद्रा मंडल विनीत कुमार, अपर समाहर्ता मुमताज अंसारी, एसडीओ चास प्रांजल ढांड़ा, जिला परिवहन पदाधिकारी वंदना शेजवलकर, मुख्यालय डीएसपी अनिमेश गुप्ता आदि मौजूद थे.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
