प्रतिनिधि, कसमार कसमार थाना क्षेत्र के तेलमुंगा ब्लॉक चौक स्थित एक गोदाम में शनिवार को पुलिस और विभिन्न कंपनियों की अधिकृत जांच टीम ने संयुक्त छापेमारी कर नकली ब्रांडेड उत्पाद बनाने और उनकी पैकिंग करने वाले एक बड़े गिरोह का पर्दाफाश किया. कार्रवाई के दौरान भारी मात्रा में नकली सरसों तेल, टॉयलेट क्लीनर, डिटर्जेंट, विभिन्न कंपनियों के रैपर, खाली बोतलें, केमिकल तथा पैकिंग में प्रयुक्त मशीनें बरामद की गयी. मौके से गोदाम संचालक गौतम कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया है.
गुप्त सूचना पर हुई कार्रवाई, कंपनियों के प्रतिनिधि ने दर्ज कराई शिकायत
जानकारी के अनुसार, दिल्ली स्थित अधिकृत जांच एजेंसी के प्रतिनिधि अजय कुमार पंडित को इस फर्जी कारोबार की गुप्त सूचना मिली थी. अजय पंडित को पतंजलि फूड्स लिमिटेड, एडब्ल्यू एग्री बिजनेस लिमिटेड और डाबर इंडिया लिमिटेड जैसी कंपनियों ने नकली उत्पादों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई के लिए अधिकृत किया है. उन्होंने मामले की लिखित सूचना कसमार थाना को दी, जिसके बाद प्रभारी थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित कर तत्काल छापेमारी की गयी.
सस्ते तेल व केमिकल को ब्रांडेड पैकिंग में बेचने का खुलासा
तलाशी के दौरान पुलिस ने पाया कि आरोपी कम कीमत वाले ''नटराज'' तेल तथा अन्य घटिया गुणवत्ता वाले केमिकल को प्रसिद्ध कंपनियों की बोतलों में भरकर उन पर असली जैसे दिखने वाले रैपर चिपकाता था. इसके बाद इन उत्पादों को ब्रांडेड बताकर बाजार में ऊंचे दामों पर बेचा जाता था. गोदाम में बड़ी मात्रा में तैयार और अर्द्धनिर्मित नकली उत्पाद तथा पैकिंग सामग्री मौजूद थी. भारी मात्रा में नकली सामान बरामद छापेमारी के दौरान 508 पीस टॉयलेट क्लीनर एवं अन्य प्रसाधन सामग्री, 200 पीस नकली पतंजलि अल्ट्रा शाइन टॉयलेट क्लीनर, 200 खाली पतंजलि फ्रेश नहाने की बोतलें, 200 पीस लिक्विड सर्फ एक्सेल एवं टूथपेस्ट के डिब्बे, 1,050 पीस एक लीटर क्षमता वाले पतंजलि फ्रेश के रैपर, 120 पीस भरे हुए पतंजलि सरसों तेल, 72 खाली डिब्बे तथा 349 खाली लोहे के तेल कंटेनर जब्त किए गए। इसके अलावा फॉर्च्यून सनफ्लावर तेल के 70 सीलबंद डिब्बे, 118 भरी हुई बोतलें, 15 लीटर क्षमता वाले 92 टीन सरसों तेल तथा हार्पिक की बोतलों में इस्तेमाल होने वाले 'यश' ब्रांड के पिन और लेबल के 300 से अधिक डिब्बे भी बरामद किए गये.
थाना प्रभारी ने बताया कि अधिकृत कंपनी प्रतिनिधि अजय कुमार पंडित की लिखित शिकायत के आधार पर कसमार थाना में आरोपी गौतम कुमार के विरुद्ध विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गयी है.
