Bokaro news: जिले के सभी पर्यटन स्थलों में सुविधाओं का करें विस्तार

युवा कल्याण, संस्कृति एवं पर्यटन विकास समिति की बैठक

Bokaro news: बोकारो परिसदन सभागार में शनिवार को युवा कल्याण, संस्कृति एवं पर्यटन विकास समिति की बैठक हु समिति की सभापति सह ईचागढ़ विधायक सबिता महतो की अध्यक्षता में हुई. समिति सदस्य सह झरिया विधायक रागिनी सिंह सहित विभिन्न विभागों के वरीय पदाधिकारी की उपस्थिति में युवा कल्याण, संस्कृति व पर्यटन विकास से संबंधित योजनाओं की अद्यतन स्थिति की समीक्षा की गयी. समिति ने निर्देश दिया कि सभी पर्यटन स्थलों पर पर्यटक सुविधाओं का विस्तार, सड़क संपर्क का सुधार, सुरक्षा व स्वच्छता की व्यवस्था के साथ स्थानीय समुदाय की भागीदारी सुनिश्चित की जाये. समिति की सभापति सबिता महतो ने कहा : बोकारो जिला में प्राकृतिक, सांस्कृतिक व धार्मिक स्थलों की भरपूर संभावना है. इन स्थलों के विकास से न केवल जिला का पर्यटन परिदृश्य सशक्त होगा, बल्कि स्थानीय युवाओं को रोजगार के नये अवसर भी सृजित होंगे. समिति सदस्य रागिनी सिंह ने कहा : समीक्षा क्रम में जो कार्य प्रगति पर है, जो भी बाधा है, उसे दूर कर उसमें तेजी लाते हुए ससमय पूरा किया जाये. पर्यटन स्थलों को सुंदर बनाने के साथ सरकार की योजनाओं का लाभ ज्यादा से ज्यदा लाभुकों को पहुंचाया जाये.

लुगुबुरू‘ए’ श्रेणी व तेनुघाट डैम ‘बी’ श्रेणी का पर्यटन स्थल :

जिला पर्यटन पदाधिकारी हेमलता बून ने बताया : जिला में कुल 20 पर्यटन स्थल चिह्नित है. इसमें से लुगुबुरू – ए श्रेणी का पर्यटन स्थल, तेनुघाट डैम – बी श्रेणी का पर्यटन स्थल है. दलाही कुंड, भैरव स्थान, कोनार डैम, चेचका धाम व गवई बेराज – सी श्रेणी के पर्यटन स्थल है. वहीं, मृग खोह, शेवाती घाटी, सतनपुर पहाड़ी, सीता फॉल, बनासो मंदिर, बुढ़ा बाबा धाम मेला फुलबहड़ा, सिकन्दा पहाड़, भवनी के समीप प्राकृतिक गुफा, गरगा डैम, दुर्गा पहाड़ व राम लखन टुंगरी- डी श्रेणी का पर्यटक स्थल है. वर्तमान में चेचकाधाम पर्यटन स्थल का जीर्णोद्धार कार्य प्रगति पर है. बैठक में आरइओ, भवन प्रमंडल, राजस्व, उद्योग, कल्याण, सामाजिक सुरक्षा, वन प्रमंडल, पेयजल एवं स्वच्छता, विद्युत प्रमंडल, कृषि सहकारिता एवं पशुपालन, खनन, गृह कारा एवं आपदा प्रबंधन, शिक्षा आदि विभाग की योजनाओं की समीक्षा की गयी. समिति ने निर्देश दिया कि पर्यटन स्थलों पर बेहतर प्रशासनिक व्यवस्था, राजस्व वसूली में सुधार व योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए ठोस कदम उठाये जायें. बैठक में डीडीसी शताब्दी मजूमदार, डीपीएलआर मेनका, वन पदाधिकारी संदीप शिंदे, अपर समाहर्ता मुमताज अंसारी, अपर नगर आयुक्त संजीव कुमार, जिला परिवहन पदाधिकारी मारुति मिंज, सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा पीयूष, जिला आपूर्ति पदाधिकारी शालिनी खालखो, जिला योजना पदाधिकारी राज शर्मा, जिला शिक्षा पदाधिकारी जगरनाथ लोहरा, जिला शिक्षा अधीक्षक अतुल चौबे, जिला कृषि पदाधिकारी साहीद, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी अविनाश कुमार सिंह, डीडीएमओ शक्ति कुमार, नोडल पदाधिकारी मनरेगा पंकज दुबे आदि मौजूद थे.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: MANOJ KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >