बोकारो थर्मल. बोकारो थर्मल स्थित डीवीसी के ऐश पौंड से रविवार को दूसरे दिन भी ऐश ट्रांसपोर्टिंग ठप रही. शनिवार को ऐश पौंड का निरीक्षण कर डीवीसी के चेयरमैन एस सुरेश कुमार व मेंबर टेक्निकल एम रघुराम के लौटते ही झामुमो के कुछ कार्यकर्ताओं ने चार सूत्री मांगों को लेकर छाई ट्रांसपोर्टिंग ठप कर दिया. रविवार को डीवीसी सिविल के इंजीनियरों द्वारा छाई ट्रांसपोर्टिंग शुरू करायी गयी, परंतु फिर झामुमो कार्यकर्ताओं ने इसे बंद करा दिया. डीवीसी के डीजीएम बीजी होलकर ने मंत्री बेबी देवी के पुत्र अखिलेश महतो से मामले को लेकर बात की. उन्होंने कुछ मांगों को पूरा करने पर ही ट्रांसपोर्टिंग चालू करने को कहा. डीजीएम का कहना था कि मंत्री पुत्र ने बोकारो थर्मल में मंत्री के लिए एक आवासीय कार्यालय की मांग पूर्व में की थी. इसे स्वीकृति के लिए कोलकाता भेजा गया है. इसके अलावा ऊपरघाट की छात्राओं के लिए बंद स्कूल बस को चालू करने, पावर प्लांट में स्थानीय को नियोजन देने एवं सीएसआर के तहत पेयजलापूर्ति सहित सड़क पर जल छिड़काव की मांग रखा गयी है. डीजीएम ने छाई ट्रांसपोर्टिंग ठप किये जाने की सूचना रविवार को बेरमो सीओ संजीत कुमार सिंह को भी दी है. डीवीसी के एचओपी आनंद मोहन प्रसाद ने कहा कि चुनाव आचार संहिता के बावजूद छाई ट्रांसपोर्टिंग को बंद कराना न्यायोचित नहीं है. छाई का उठाव नहीं किया गया तो प्लांट को चलाना मुश्किल हो जायेगा. डीवीसी के एचओपी ने बोकारो डीसी विजया जाधव से सोमवार को मिलकर मामले से अवगत करायेंगे.
डीवीसी के ऐश पौंड से दूसरे दिन भी छाई ट्रांसपोर्टिंग रही ठप
डीवीसी के ऐश पौंड से दूसरे दिन भी छाई ट्रांसपोर्टिंग रही ठप
