Bokaro News : बच्चे की मौत के बाद धनबाद पथ 12 घंटे रहा जाम
Bokaro News : प्रतिनिधि, चास. चास के सोलागीडीह स्थित संत निरंकार भवन के पास बुधवार देर रात सड़क दुर्घटना में 12 वर्षीय बच्चे की मौत के बाद आक्रोशित परिजनों और स्थानीय लोगों ने बोकारो-धनबाद मुख्य पथ को करीब 12 घंटे तक जाम रखा. घटना चीराचास थाना क्षेत्र की है. मृतक की पहचान नावाडीह पंचायत के काशीडीह निवासी मुकेश बाउरी के पुत्र रघुवीर बाउरी (12) के रूप में हुई है. हादसे में एक लड़की का हाथ भी टूट गया. परिजनों के अनुसार, पूरा परिवार चास के चमसोबाद में आयोजित एक शादी समारोह से टोटो पर सवार होकर घर लौट रहा था. इसी दौरान सोलागीडीह के पास एक अज्ञात भारी वाहन ने टोटो को टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जोरदार थी कि टोटो सवार लोग सड़क पर गिर पड़े. इस दौरान रघुवीर को गंभीर चोट लगी और घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गयी.
मुख्य पथ पर लगी वाहनों की लंबी कतार :
घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने मुआवजे और दोषी वाहन चालक की गिरफ्तारी की मांग को लेकर बोकारो-धनबाद मुख्य पथ जाम कर दिया. जाम के कारण सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गयी. स्थिति को देखते हुए पुलिस ने धनबाद से आने वाले वाहनों को सेक्टर-11 मार्ग तथा पुरुलिया की ओर से आने वाले वाहनों को आइटीआइ मोड़ फोरलेन से डायवर्ट कर दिया. लोगों ने चास के जोधाडीह चौक को भी जाम कर दिया, जिससे चारों ओर यातायात पूरी तरह प्रभावित रहा. कई लोगों को वाहन छोड़कर पैदल ही जाना पड़ा.
आश्वासन के बाद हटाया गया जाम :
घटना की सूचना मिलते ही आधा दर्जन थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाने का प्रयास की, लेकिन आक्रोशित लोग सड़क पर धरना देकर मुआवजे और कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे. बाद में चास की मजिस्ट्रेट जया कुमारी घटनास्थल पर पहुंचीं और मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा तथा दोषी वाहन चालक के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन दिया. इसके बाद लगभग 12 घंटे बाद जाम समाप्त कराया गया और यातायात सामान्य हो सका.
Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.