जरीडीह प्रखंड की तांतरी दक्षिणी पंचायत भवन में शुक्रवार को डीसी अजय नाथ झा ने पंचायत क्षेत्र में चल रहे विभिन्न विकास कार्यों की समीक्षा की. इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित पदाधिकारियों को समाधान के लिए आवश्यक निर्देश दिये. डीसी ने कहा कि ग्रामीणों की समस्याओं का समाधान जिला प्रशासन की प्राथमिकता है. जिन समस्याओं का समाधान तत्काल संभव है, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर दूर किया जाये.
विस्थापित परिवारों की समस्याएं सुनीं
तांतरी दक्षिणी पंचायत पुनर्वास क्षेत्र है, जहां बीएसएल प्लांट से विस्थापित परिवार रहते हैं. ग्रामीणों ने डीसी के समक्ष पर्चा, पुनर्वास, नियोजन और बुनियादी सुविधाओं समेत विस्थापित परिवारों से जुड़ी विभिन्न समस्याएं रखीं. डीसी ने सभी समस्याओं को गंभीरता से सुना और कहा कि लंबे समय से चली आ रही समस्याओं के समाधान के लिए प्रशासनिक स्तर पर सकारात्मक और ठोस पहल की जा रही है.
जांच के बाद शिविर लगाकर मिलेगा पर्चा
डीसी ने विस्थापितों को पर्चा उपलब्ध कराने की प्रक्रिया को पारदर्शी और व्यवस्थित तरीके से आगे बढ़ाने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि संबंधित अभिलेखों और पात्रता की जांच के बाद शिविर आयोजित कर पात्र विस्थापितों को पर्चा उपलब्ध कराने की कार्रवाई की जायेगी. उन्होंने संबंधित अधिकारियों को इसके लिए आवश्यक तैयारी पूरी करने का निर्देश दिया, ताकि पात्र लोगों को अनावश्यक परेशानी न हो.
स्कूल व बुनियादी सुविधाओं पर भी निर्देश
ग्रामीणों ने विद्यालय, बाउंड्री वॉल, सोलर लाइट और सभागार निर्माण से जुड़ी समस्याएं भी डीसी के समक्ष रखीं. डीसी ने संबंधित पदाधिकारियों को स्थल निरीक्षण कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि जिन मामलों में प्रक्रिया या अन्य स्तर से स्वीकृति की आवश्यकता है, उनमें नियमानुसार कार्रवाई करते हुए समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाये.
मौके पर डीपीएलआर पूर्णिमा कुमारी, बीडीओ कुमार कनिष्क, सीओ प्रणव ऋतुराज, थाना प्रभारी विपिन चंद्र महतो, एडीपीआरओ अविनाश कुमार सिंह, मुखिया शांति देवी, उपमुखिया समेत अन्य जनप्रतिनिधि व संबंधित पदाधिकारी मौजूद थे.
