Bokaro News : टैंकर की टक्कर से साइकिल सवार की मौत, सड़क जाम

Bokaro News : बालीडीह थाना क्षेत्र के इंडस्ट्रियल एरिया में कुर्मीडीह रोड पर घटी घटना

Bokaro News : बालीडीह थाना क्षेत्र के बालीडीह इंडस्ट्रियल एरिया स्थित कुर्मीडीह रोड पर रविवार को इंडियन ऑयल के गैस टैंकर की चपेट में आने से साइकिल गोविंद मार्केट निवासी सुबोध सिंह(46) की मौत हो गयी. घटना से आक्रोशित स्थानीय लोगों के साथ मृतक के परिजनों ने शव के साथ सड़क को जाम कर दिया. मृतक के परिजनों को मुआवजे के रूप में 40 लाख रुपये, एक पुत्री की शादी की पूरा खर्च के साथ-साथ एक पुत्र को नियोजन देने की मांग रखी. सूचना पाकर बालीडीह ओपी प्रभारी परमानंद मेहरा, माराफारी इंस्पेक्टर आजाद खां, चास बीडीओ प्रदीप कुमार, चास सीओ दिवाकर दुबे घटनास्थल पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली. रास्ते को जाम कर रहे लोगों को समझा-बुझा कर हटाने का प्रयास किया, लेकिन मृतक के परिजन मुआवजा की लेकर डटे रहे. समाचार लिखे जाने तक वाहन मालिक के साथ वार्ता चल रही थी.

खाना खाकर दुकान जा रहे थे सुबोध सिंह :

जानकारी के अनुसार गोविंद मार्केट निवासी सुबोध सिंह रोजाना की तरह खाना खाकर साइकिल से दुकान जा रहे थे. रास्ता पार कर रहे थे, उसी वक्त तेज गति से आ रहे इंडियन ऑयल के गैस टैंकर ने उन्हें टक्कर मार दी. इसमें घटनास्थल पर ही सुबोध सिंह की मौत हो गयी. गोविंद मार्केट में उसकी खैनी की दुकान थी. मृतक अपने घर का इकलौता कमाऊ सदस्य था घटना के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. मृतक अपने पीछे पत्नी व दो पुत्री छोड़ गया है. घटना का सीसीटीवी भी सामने आया है. इसमें वाहन की गति तेज दिख रही है. स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि बालीडीह इंडस्ट्रियल एरिया से निकलने वाले गाड़ियों की स्पीड अधिक होती है. ऐसे में हर वक्त दुर्घटना की आशंका बनी रहती है. जब तक स्पीड नियंत्रण के लिए प्रशासन कोई कार्रवाई नहीं करता है, सड़क पर गाड़ियों का परिचालन बंद रखेंगे.

विरोध करने उतर गये फोरलेन पर, पुलिस ने खदेड़ा :

बालीडीह थाना क्षेत्र में सड़क दुर्घटना में मृतक के आश्रित को 40 लाख मुआवजा व नियोजन दिलाने की मांग को लेकर आक्रोशित स्थानीय लोगों ने बालीडीह फोरलेन को टायर जलाकर आधे घंटे तक जाम कर दिया. प्रशासनिक अधिकारी व पुलिस अधिकारियों के मान-मनौव्वल के बाद भी स्थानीय लोग फोरलेन से उठने को तैयार नहीं थे. जाम के दौरान दर्जनों गाड़ियों की लाइन फोरलेन मुख्य मार्ग पर लग गयी. पुलिस ने स्थिति को समझते हुए हल्का बल प्रयोग कर फोरलेन पर धरना में बैठे लोगों को खदेड़ा. इस दौरान स्थानीय लोगों ने फोरलेन पर खड़े दो दर्जन से अधिक वाहनों के शीशे तोड़ डाले. पुलिस का रुख देखते हुए प्रदर्शन करने वाले सभी लोग फोरलेन छोड़कर भाग निकले. इसके बाद विरोध करने वाले लोग पुनः बियाडा इंडस्ट्रियल एरिया में घटनास्थल पर मृतक के शव के साथ धरना पर बैठ गये. समाचार लिखे जाने तक सभी प्रशासनिक अधिकारी वापस लौट गये. किसी तरह की कोई वार्ता नहीं हो सकी.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >