बोकारो. डीवीसी चंद्रपुरा थर्मल में मंगलवार को पुरस्कार वितरण के साथ हिंदी पखवाड़ा का समापन हुआ. राजभाषा हिंदी के प्रति जागरूकता बढ़ाने और कार्यालयीन कार्यों में हिंदी के प्रयोग को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से आयोजित पखवाड़े के दौरान अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की गयीं.
श्रेष्ठ प्रतिभागियों को किया गया सम्मानित
तेजस भवन के सम्मेलन कक्ष में आयोजित समापन समारोह में सीजीएम सह परियोजना प्रधान राम कुमार अनुभवी, वरीय महाप्रबंधक राजेश कुमार और उप महाप्रबंधक नीरज सिन्हा मौजूद रहे. अतिथियों ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन करने वाले विजयी प्रतिभागियों को पुरस्कार और प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया.
हिंदी से कार्यालयीन कामकाज होता है सरल
परियोजना प्रधान राम कुमार अनुभवी ने कहा कि हिंदी केवल राजभाषा ही नहीं, बल्कि आपसी संवाद और कार्यालयीन कार्यों को सरल व प्रभावी बनाने का महत्वपूर्ण माध्यम है. अधिकारियों और कर्मचारियों को दैनिक कामकाज में हिंदी का अधिक से अधिक प्रयोग करना चाहिए.
ये भी पढ़ें: जल जीवन मिशन में बोकारो पिछड़ा, 7 साल में 50% घरों तक ही पहुंचा नल का जल, राज्य में 16वें पायदान पर
वरीय महाप्रबंधक राजेश कुमार और उप महाप्रबंधक नीरज सिन्हा ने भी कार्यालयीन कार्यों में हिंदी के प्रयोग को बढ़ावा देने और राजभाषा संबंधी गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी पर जोर दिया.
कई प्रतियोगिताओं में कर्मचारियों ने लिया हिस्सा
हिंदी पखवाड़े के दौरान हिंदी आशु-भाषण, कविता पाठ, प्रशासनिक शब्दावली एवं टिप्पण-आलेखन तथा लघु निबंध प्रतियोगिताएं आयोजित की गयीं. हिंदी भाषी और हिंदीतर भाषी वर्ग के लिए प्रतियोगिताएं अलग-अलग करायी गयीं. अधिकारियों और कर्मचारियों ने प्रतियोगिताओं में उत्साह के साथ हिस्सा लिया.
निर्णायक मंडली के सदस्य भी हुए सम्मानित
प्रतियोगिताओं के सफल संचालन और निष्पक्ष मूल्यांकन में योगदान देने वाले निर्णायक मंडली के सदस्यों शिक्षक रंजीत कुमार निराला, प्रदीप कुमार श्रीवास्तव और शिक्षिका पूनम कुमारी को भी सम्मानित किया गया.
समारोह में उप महाप्रबंधक प्रताप सिंह, देवकांति गुप्ता भाया, राजीव रंजन ओझा, राजीव रंजन, वरीय प्रबंधक विनय कृष्णा दास, प्रबंधक राजकुमार चौधरी और संजीव कुमार समेत अन्य अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित थे.
