Bokaro News : छाई ढुलाई ठप, सीटीपीएस प्रबंधन की परेशानी बढ़ी

Bokaro News : सीटीपीएस के ऐश पौंड से छाई की ढुलाई तीसरी कंपनी ने भी बंद कर दी.

सीटीपीएस के ऐश पौंड से छाई की ढुलाई करने वाली दो कंपनियों ने पूर्व में काम बंद किया था, तीसरी कंपनी मे. पीएमपी ने भी रविवार से काम बंद कर दिया. भंडारीदह में लगातार कंपनियों के वाहनों के चक्कों से हवा निकाल दिये जाने के बाद कंपनियों ने यह निर्णय लिया. छाई की ढुलाई बंद होने से फिर डीवीसी चंद्रपुरा प्रबंधन की परेशानी बढ़ गयी है. कंपनी का कहना है कि कुछ दिन पहले ही उसने छाई उठाने का काम शुरू किया, मगर इसमें किसी का भी सहयोग नहीं मिल रहा है. लगातार परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. नियमों के तहत चल रहे हाइवा के चक्कों से हवा निकाल दी जा रही है.

मालूम हो कि सारण और जीडीएनएस कंपनी ने 15 फरवरी से छाई ढुलाई का काम बंद कर दिया था. पिछले सात महीनों से लगातार काम बंद रहने और एक माह पहले काम चालू होने के बाद फिर से काम बंद हो जाने से प्रबंधन परेशान है. रनिंग प्लांट से उत्पादन बंद होने का खतरा बढ़ गया है. चंद्रपुरा में बनने वाले नये सुपर क्रिटिकल प्लांट पर भी इसका असर पड़ सकता है. उल्लेखनीय है कि बेरमो हाइवा एसोसिएशन के आंदोलन की वजह से छाई का उठाव करीब छह महीने तक बंद रहा था. डीवीसी के नये टेंडर के बाद जनवरी महीने में काम शुरू हुआ, मगर लगातार इसमें बाधा आ रही है. इधर, हाइवा एसोसिएशन के अध्यक्ष गुलेश्वर महतो ने बताया कि कंपनी के साथ रेट को लेकर जो बात हुई थी, वह उससे मुकर रही है. सीटीपीएस के एचओपी आरके अनुभवी ने कहा कि कंपनियों को काम मिला है, तो उसे करना ही होगा. कंपनियों से इस पर बात करेंगे. छाई ढ़ुलाई नहीं होने पर यूनिट से उत्पादन बंद करने की नौबत आ जायेगी.

हाइवा ऑनरों और विस्थापितों ने छाई की ट्रांसपोर्टिंग रोकी, ओवरलोड का आरोप

सीटीपीएस की ऐश पौंड से होने वाली छाई की ट्रांसपोर्टिंग शनिवार की देर शाम को भंडारीदह में हाइवा मालिकों, विस्थापितों और झामुमो नेताओं ने ओवरलोड का आरोप लगाते हुए रोक दी. रविवार शाम तक छाई लदी कई गाड़ियां भंडारीदह में खड़ी थीं. हालांकि देर रात ट्रांसपोर्टरों ने आंदोलनकारियों से बातचीत की, लेकिन बात नहीं बनी. आंदोलनकारियों ने कहा कि 14 फरवरी को भी छाई ओवरलोड गाड़ियों को रोका गया था और चंद्रपुरा प्रखंड सचिव सुनील टुडू ने डीटीओ व चंद्रपुरा पुलिस को सूचना दी थी. लेकिन मामले में कोई कार्रवाई नहीं हुई. झामुमो के केंद्रीय सदस्य अखिलेश महतो ने कहा कि ट्रांसपोर्टर राज्य के नियमों को नहीं मानते हुए दूसरे राज्य की गाड़ियों से खुलेआम ओवरलोड ढुलाई करायी जा रही है. दूसरी ओर से स्थानीय लोगों की गाड़ियां खड़ी हैं. ओवरलोड होने के कारण सड़कों पर छाई गिरने से क्षेत्र में प्रदूषण भी फैल रहा है. हाइवा ऑनर एसोसिएशन के गुलेश्वर महतो ने कहा कि पूर्व में डीवीसी प्रबंधन से हुई वार्ता में सहमति बनी थी कि 75 प्रतिशत गाड़ियां स्थानीय लोगों की लगायी जायेगी. लेकिन ऐसा नहीं हुआ. पिछले दिनों एसडीपीओ व एसडीएम ने भी ट्रांसपोर्टरों को ओवरलोड नहीं चलाने को लेकर हिदायत दी थी. इसका पालन नहीं हो रहा है. मौके पर झामुमो के चंद्रपुरा प्रखंड सचिव सुनील टुडू, जयलाल महतो, जितेंद्र पुरी, एसोसिएशन के महासचिव अंशु राय, उपाध्यक्ष मुन्ना विश्वकर्मा आदि उपस्थित थे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >