Bokaro News : महिलाओं के साथ झड़प में सीआइएसएफ जवान घायल

Bokaro News : सीसीएल ढोरी एरिया की तारमी रेलवे साइडिंग में सीआइएसएफ जवान व महिलाओं में झड़प हो गयी.

सीसीएल ढोरी एरिया की तारमी रेलवे साइडिंग में शनिवार को सीआइएसएफ जवान व महिलाओं में झड़प हो गयी. इसमें सीआइएसएफ जवान लिंगम डी घायल हो गये. सीआइएसएफ की ओर से बताया गया कि सुबह लगभग 150-200 महिलाएं विभिन्न दिशाओं से कोयला चोरी के उद्देश्य से साइडिंग में घुसने का प्रयास करने लगी. एक समूह क्रशर नंबर पांच की ओर से आगे बढ़ा. ड्यूटी पर तैनात कर्मी उन्हें तितर-बितर करने के लिए क्रशर की दिशा में पहुंचे. कुछ दूरी पर तैनात क्यूआरटी का जवान दूसरे समूह को खदेड़ने में लगे हुए थे. इसी दौरान महिलाओं के एक समूह ने जवान को घेर लिया और उनका मोबाइल व लाठी छीन ली. धक्का-मुक्की और पथराव किया तथा उनका स्वेटर फाड़ दिया. सूचना मिलते ही क्यूआरटी के जवान पहुंचे और उन्हें सुरक्षित बाहर निकाला. महिलाओं के विरुद्ध बल का प्रयोग नहीं किया गया. जवान लिंगम डी के माथे पर चोट लगी है. उन्हें ढोरी सेंट्रल अस्पताल में भर्ती कराया गया है. बाद में कमांडेंट कमलेश चौधरी ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिया. कहा कि किसी भी स्थिति में कोयला चोरी बर्दाश्त नहीं की जायेगी. प्रबंधन से भी होमगार्ड की समय-समय पर अदला-बदली, रेलवे साइडिंग की प्रॉपर फेंसिंग का अनुरोध किया गया है. उप कमांडेंट, सहायक कमांडेंट, कंपनी कमांडर, असूचना प्रभारी एवं लगभग 50 जवान घटनास्थल पहुंचे तथा पूरे क्षेत्र में डोमिनेशन अभियान चलाया गया. सीआइएसएफ की ओर से कहा गया कि घटना को लेकर प्राथमिक दर्ज कराने की प्रक्रिया चंद्रपुरा थाना में चल रही है.

2.35 टन अवैध कोयला और पांच मोटरसाइकिलें जब्त

सीआइएसएफ ने गोपनीय सूचना के आधार पर सीसीएल के बीएंडके एरिया अंतर्गत खासमहल एरिया में कांटा घर नंबर चार और पांच के बीच शुक्रवार की रात को छापामारी अभियान चलाया. इस दौरान विभिन्न स्थानों पर जमा कर रखा गया 2.35 टन अवैध कोयला बरामद किया गया. मौके से पांच लावारिस मोटरसाइकिलें (नंबर जेएच 02 एच9605, जेएच 09 यू 0540, जेएच 09 बी 4449, यूपी 32 आरएल 1366 और एक बिना नंबर) भी जब्त की गयी. बरामद किया गया कोयला सीसीएल प्रबंधन और मोटरसाइकिलें को गांधीनगर थाना की पुलिस को सौंप दिया गया. छापामारी में सहायक कमांडेंट केवीए श्रीधर, निरीक्षक अमित कुमार, सब इंस्पेक्टर संतोष कुमार तिवारी, अमित कुमार, प्रधान आरक्षक संदीप कुमार सहित अन्य जवान शामिल थे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Janak singh choudhary

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >