चास शहर में लगाए गए स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं के लिए राहत की बजाय मुसीबत बन गया हैं. चास के विभिन्न मोहल्लों में बिजली उपभोक्ताओं का आरोप है कि स्मार्ट मीटर लगने के बाद से बिजली बिल लगभग दो गुना तक बढ़ गया है.
जहां पहले 100 से 150 यूनिट खपत होती थी, अब उसी खपत पर 250 से 300 यूनिट का बिल आ रहा है. इससे आम उपभोक्ता परेशान हैं. जानकारी के अनुसार चास के जोधाडीह मोड़, बाईपास रोड, गुरुद्वारा रोड और आईटीआई मोड़ सहित कई क्षेत्रों में पिछले कुछ महीनों में पुराने मीटरों को हटाकर स्मार्ट मीटर लगाए गए है.
मीटर लगते ही उपभोक्ता अत्यधिक बिजली बिल आने से परेशान है. उपभोक्ताओं का कहना है कि वे बिजली विभाग के कार्यालय के चक्कर काट रहे हैं, लेकिन कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिल रहा है. इससे लोगों में विभाग के प्रति आक्रोश बढ़ता जा रहा है.
लोगों का कहना है कि बिना उपभोक्ताओं को जागरूक किए और बिना सहमति के मीटर बदले जा रहे है. चास जोधाडीह मोड़ निवासी संतोष राय, कुमार अनुप, नारायण शर्मा, राजेश कुमार सहित अन्य उपभोक्ताओं ने मांग की है कि जब तक स्मार्ट मीटर की सटीकता की जांच नहीं हो जाती, तब तक पुरानी बिलिंग व्यवस्था ही लागू रखी जाए.
साथ ही मीटर की जांच के लिए एक स्वतंत्र टीम बनाई जाए और कैंप लगाकर लोगों की समस्याओं का समाधान किया जाए. लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो वे सड़क पर उतरकर आंदोलन करेंगे.
