चास नगर निगम: पक्के मकानों के बीच कच्ची डगर, बारिश में एंबुलेंस व ऑटो का प्रवेश तक मुश्किल

चास नगर निगम के न्यू कैलाश विहार, नंदुवा स्थान और शांति नगर में कच्ची सड़कों और जल जमाव से हजारों लोग परेशान हैं. जानें क्या है लोगों की समस्या.

बोकारो/चास. चास नगर निगम क्षेत्र अंतर्गत नंदुवा स्थान, शांति नगर और न्यू कैलाश विहार में नगर विकास के दावों के उलट बुनियादी सुविधाओं का भारी संकट है. इन इलाकों में नई आवासीय बस्तियां लगातार बस रही हैं और पक्के मकान खड़े हो रहे हैं, लेकिन आवागमन का मुख्य साधन कच्ची सड़कें ही बनी हुई हैं.

शांति नगर में कच्ची सड़क पर जमा बारिश का पानी

दर्जनों सड़कें आज तक पक्की नहीं हो पाने के कारण हजारों स्थानीय निवासियों का दैनिक जीवन कठिन हो गया है. सूखे के मौसम में लोगों को कुछ राहत रहती है, लेकिन बारिश होते ही पूरी सड़क कीचड़ और जलजमाव में तब्दील हो जाती है, जिससे पैदल चलना भी दूभर हो जाता है. नगर निगम चुनाव संपन्न होने के बाद अब इन बस्तियों के निवासियों को नए निगम बोर्ड से उम्मीदें बंधी हैं.

एंबुलेंस और ऑटो का प्रवेश ठप, लोग परेशान

स्थानीय लोगों के अनुसार बारिश के दिनों में मोहल्लों की स्थिति अत्यंत गंभीर हो जाती है. जलजमाव और फिसलन भरे रास्तों के कारण स्कूल जाने वाले बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है. किसी के अचानक बीमार पड़ने पर कॉलोनी के भीतर एंबुलेंस अथवा ऑटो रिक्शा तक नहीं पहुंच पाते हैं.

हल्की बारिश में ही न्यू कैलाश विहार की सड़कों पर जलजमाव

स्थानीय निवासी जितेंद्र कुमार, शंकर पाठक, मिथिलेश कुमार, अनिल कुमार, वीरू, अमर कुमार, सुनीता देवी सहित अन्य लोगों ने बताया कि न्यू कैलाश विहार सहित आसपास के इलाकों में सड़क निर्माण को लेकर पूर्व में कई बार नगर निगम कार्यालय और जनप्रतिनिधियों को लिखित आवेदन सौंपे गए, लेकिन अब तक केवल आश्वासन ही मिला है. फिलहाल कॉलोनी के लोग इस इंतजार में हैं कि कब उनके घरों तक जाने वाली सड़कें पक्की होंगी और उन्हें इस समस्या से स्थाई निजात मिलेगी.

चरणबद्ध तरीके से पक्की होंगी सभी सड़कें : मेयर भोलू पासवान

इस पूरे मामले पर चास नगर निगम के मेयर भोलू पासवान ने कहा कि बीते कुछ महीनों में निगम क्षेत्र के विभिन्न वार्डों में कई नई विकास योजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन किया गया है. उनके संज्ञान में है कि नंदुवा स्थान, शांति नगर और न्यू कैलाश विहार सहित कई नए विकसित क्षेत्रों में सड़कें अभी भी कच्ची हैं.

उन्होंने भरोसा दिलाया कि सभी कच्ची सड़कों को चिन्हित कर उन्हें पक्का निर्माण कराना नगर निगम की प्राथमिकताओं में शामिल है. नागरिक सुविधाओं का विस्तार करने के लिए निगम प्रशासन पूरी तरह प्रतिबद्ध है और इन कॉलोनियों में चरणबद्ध तरीके से विकास योजनाओं को धरातल पर उतारा जाएगा.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Santosh Kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >