गोमिया. गोमिया थाना क्षेत्र के न्यू माइन्स स्वांग में करीब दो साल पहले हुई सीसीएल गार्ड प्रदीप कुमार सिंह की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने उसकी पत्नी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. फॉरेंसिक जांच में मृतक के विसरा में एल्युमिनियम फॉस्फाइड जैसा जहरीला पदार्थ मिलने के बाद पुलिस ने मामले को हत्या का मामला मानते हुए जांच आगे बढ़ायी. पुलिस के अनुसार, घटना के समय घर में प्रदीप कुमार सिंह और उसकी पत्नी खुशबू देवी ही मौजूद थे.
गोमिया थाना कांड संख्या 113/026, दिनांक 07 सितंबर 2026, धारा 302 के तहत पुलिस ने आरोपी खुशबू देवी (26), पति स्व. प्रदीप कुमार सिंह, निवासी कुडरी, थाना विष्णुगढ़, जिला हजारीबाग को गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार, आरोपी की गिरफ्तारी नावाडीह क्षेत्र के ठठेया टांड़ गांव में एक मकान के पास से की गयी. कार्रवाई गोमिया थाना के उप-निरीक्षक बिरसा बाड़ा के नेतृत्व में हुई. इस दौरान पुनिया देवी और बालेश्वर सिंह गवाह के रूप में मौजूद थे.
ये भी पढ़ें: बोकारो थर्मल में सब्जी विक्रेता से UPI के जरिए 95 हजार की ठगी, साइबर पोर्टल पर शिकायत
29 जून 2024 को हुई थी प्रदीप की मौत
प्रदीप कुमार सिंह (27), पिता तिलक सिंह, न्यू माइन्स स्वांग स्थित आवास एमएमएस-140 में रहते थे और सीसीएल में गार्ड के पद पर कार्यरत थे. पुलिस के अनुसार, 29 जून 2024 को वीटीसी प्रशिक्षण से लौटने के बाद उन्होंने घर में खाना खाया और सो गये थे. उसी दिन शाम करीब 5:30 बजे उनकी पत्नी खुशबू देवी ने तबीयत बिगड़ने के बाद उनकी मौत की सूचना दी थी.
घटना के बाद गोमिया थाना में यूडी कांड संख्या 16/24 दर्ज किया गया था. तत्कालीन पुलिस पदाधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास के लोगों और परिजनों के बयान लिये थे. शव का पोस्टमार्टम तेनुघाट अस्पताल में कराया गया था. इसके बाद विसरा को जांच के लिए एफएसएल होटवार, रांची भेजा गया था.
फॉरेंसिक जांच में विसरा में मिला जहरीला पदार्थ
पुलिस के अनुसार, एफएसएल की रिपोर्ट में मृतक के विसरा में एल्युमिनियम फॉस्फाइड जैसा अत्यंत जहरीला पदार्थ मिलने की पुष्टि हुई. एफएसएल ज्ञापांक 5593/गो, दिनांक 5 नवंबर 2024 और डीएफएसएल रिपोर्ट संख्या 3067/2024 में इसकी जानकारी सामने आयी.
वहीं, अनुमंडलीय अस्पताल तेनुघाट के उपाधीक्षक ने पत्रांक 454, दिनांक 18 सितंबर 2025 के माध्यम से मौत का कारण जहर बताया था. इसके बाद पुलिस ने मामले की जांच को आगे बढ़ाया.
गवाहों के बयान के आधार पर पत्नी पर आरोप
जांच के दौरान कुलदीप कुमार, गीता देवी, विमला देवी, मंजु देवी, गुड़िया कुमारी और पूनम देवी के बयान दर्ज किये गये. पुलिस के अनुसार, इन लोगों ने अपने बयान में प्रदीप की पत्नी पर जहर देकर हत्या करने का आरोप लगाया.
ये भी पढ़ें: बोकारो में पर्यावरण बचाने सड़क पर उतरे 4000 से अधिक बच्चे, पत्थरकट्टा से राम मंदिर चौक तक बनाई ह्यूमन चेन
पुलिस ने फॉरेंसिक रिपोर्ट, गवाहों के बयान और अन्य जांच बिंदुओं के आधार पर मामले में हत्या की प्राथमिकी दर्ज की. इसके बाद आरोपी पत्नी खुशबू देवी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया.
