बोकारो: श्री अयप्पा पब्लिक स्कूल सेक्टर-05 ने सीबीएसई क्लस्टर-3 बास्केटबॉल चैंपियनशिप 2026-27 में शानदार प्रदर्शन करते हुए खेल जगत में अपनी पहचान और मजबूत की है. बिहार के रोहतास स्थित नारायण वर्ल्ड स्कूल, जमुहार में 23 से 28 जुलाई तक आयोजित प्रतियोगिता में विद्यालय की अंडर-14 बालिका टीम ने चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया, जबकि अंडर-17 बालक टीम उपविजेता रही.
प्रतियोगिता में सीबीएसई से संबद्ध विभिन्न विद्यालयों की 80 टीमों ने हिस्सा लिया. अंडर-17 बालक वर्ग में 33 और अंडर-14 बालिका वर्ग में 12 टीमों के बीच कड़ा मुकाबला हुआ. इसके बावजूद श्री अयप्पा पब्लिक स्कूल की दोनों टीमों ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन किया.
बालिका टीम पूरे टूर्नामेंट में रही अपराजित
अंडर-14 बालिका टीम ने पूरे टूर्नामेंट में एकतरफा प्रदर्शन किया. टीम ने डीबीएमएस कदमा हाई स्कूल, जमशेदपुर को 15-0, डीपीएस बोकारो को 30-0, कैराली स्कूल, रांची को 18-2 और त्रिभुवन स्कूल, खगौल को 15-2 से हराया. सेमीफाइनल जीतने के बाद फाइनल में लोयोला हाई स्कूल को 30-6 से पराजित कर चैंपियनशिप ट्रॉफी अपने नाम कर ली.
बालक टीम ने फाइनल तक का किया शानदार सफर
अंडर-17 बालक टीम ने रेडिएंट इंटरनेशनल स्कूल, पटना को 17-0, डीबीएमएस कदमा हाई स्कूल को 30-28 और सेमीफाइनल में द महाबोधि ट्री स्कूल, पटना को 52-50 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया. खिताबी मुकाबले में टीम को जीजीपीएस, बोकारो के खिलाफ 19-16 से हार का सामना करना पड़ा और उसे उपविजेता ट्रॉफी से संतोष करना पड़ा.
विद्यालय प्रबंधन ने दी बधाई
विद्यालय के निदेशक डॉ एसएस महापात्रा ने कहा कि सच्चे विजेता दृढ़ संकल्प और आत्मविश्वास से तैयार होते हैं. वहीं प्रधानाचार्या पी. शैलजा जयकुमार ने कहा कि यह उपलब्धि विद्यालय की गौरवशाली खेल परंपरा का महत्वपूर्ण पड़ाव है और अन्य विद्यार्थियों को भी खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित करेगी.
विद्यालय के अध्यक्ष पी. राजगोपाल ने खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और अभिभावकों को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि अनुशासन, समर्पण और टीमवर्क का परिणाम है. उपाध्यक्ष शशीन्द्रन करात व मोहनन आर नायर, महासचिव ई एस सुशीलन, कोषाध्यक्ष बालाचंद्रन, निदेशक मंडल के सदस्य सुरेश कुमार केए व डॉ. सुरेश बाबू, उप-प्रधानाचार्य सुरेश बाबू व राज्यलक्ष्मी ने विजेता टीमों को शुभकामनाएं देते हुए भविष्य में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन की उम्मीद जताई.
