बोकारो: बोकारो इस्पात संयंत्र (बीएसएल) के अधिकारियों की टीम 35वें नेशनल मैनेजमेंट गेम्स में विजेता बनी है. इस राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में सेल, एनटीपीसी, मारुति सुजुकी, आइओसीएल, एनएचपीसी, एलएंडटी, ओएनजीसी सहित देश के प्रमुख सार्वजनिक व निजी क्षेत्र के 150 से अधिक संस्थानों की टीमों के बीच पांच कठिन क्षेत्रीय प्रारंभिक दौर आयोजित किये गये थे.
इसके बाद आयोजित ग्रैंड फिनाले में देश की सर्वश्रेष्ठ 19 टीमों ने प्रतिष्ठित चैंपियंस ट्रॉफी के लिए प्रतिस्पर्धा की. इस कड़े मुकाबले में बीएसएल की ओर से हॉट स्ट्रिप मिल (एचएसएम) के वरीय प्रबंधक राहुल रंजन पंडा व सीएमएम-सीटीएस के वरीय प्रबंधक ओवैस अहमद की टीम ने व्यावसायिक सिमुलेशन के दौरान उत्कृष्ट रणनीतिक सोच, व्यावसायिक निर्णय क्षमता व वित्तीय कौशल का प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रीय चैंपियन बनने का गौरव प्राप्त किया. प्रतियोगिता में एनटीपीसी की टीमें द्वितीय व तृतीय स्थान पर रहीं.
बीएसएल के शीर्ष प्रबंधन ने विजेता टीम को बधाई दी है. यह जीत बोकारो इस्पात संयंत्र एवं सेल परिवार के लिए अत्यंत गर्व का विषय है, क्योंकि वर्ष 2010 के बाद यह पहला अवसर है, जब सेल ने इस प्रतिष्ठित नेशनल मैनेजमेंट गेम्स में राष्ट्रीय चैंपियनशिप का खिताब अपने नाम किया है. वर्ष 2010 में भी नेशनल मैनेजमेंट गेम्स का खिताब जीतने वाली सेल की टीम बोकारो इस्पात संयंत्र की ही थी.
