Bokaro News : बोकारो के विकास की बयार को दी जायेगी गति : डीसी

Bokaro News : डीसी-डीडीसी ने बैलून उड़ाकर किया बोकारो स्थापना महोत्सव की शुरुआत

Bokaro News : संवाददाता, बोकारो. बोकारो जिला स्थापना महोत्सव की शुरुआत बुधवार को कैंप टू स्थित जायका हैप्निंग्स सभागार में उपायुक्त अजय नाथ झा व डीडीसी शताब्दी मजूमदार व अन्य पदाधिकारियों ने संयुक्त रूप से बैलून उड़ा कर की. उपायुक्त ने जिलेवासियों को स्थापना दिवस की बधाई दी. डीसी ने कहा : यह महोत्सव केवल उत्सव नहीं, बल्कि जिले के समग्र विकास का संकल्प है. आज पहली सीढ़ी है. इस एक माह में बोकारो के विकास की बयार को गति दी जायेगी.

उन्होंने टीम बोकारो की अवधारणा पर जोर देते हुए कहा कि सभी पदाधिकारी एवं कर्मी समन्वय और प्रतिबद्धता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन कर रहे हैं. डीसी ने निर्देश दिया कि सभी विभाग वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए कार्ययोजना तैयार करें. विकास योजनाओं की सतत मॉनिटरिंग एवं फॉलोअप सुनिश्चित करेंगे.

35 वर्षों की विकास यात्रा, नयी चुनौतियों के साथ आगे बढ़ता बोकारो :

अपर समाहर्ता मुमताज अंसारी ने कहा कि जिला का गठन 35 वर्ष पूर्व हुआ था. इन वर्षों में जिला ने औद्योगिक, सामाजिक व आर्थिक विकास के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की है. बोकारो स्टील प्लांट (बीएसएल), गोमिया का आईईएल, तेनुघाट डैम एवं लुगुबुरू पहाड़ जैसे महत्वपूर्ण स्थल न केवल झारखंड बल्कि पूरे देश में बोकारो की विशिष्ट पहचान स्थापित करते हैं. उन्होंने कहा कि बदलते समय के साथ नई चुनौतियों को स्वीकार करते हुए बोकारो निरंतर प्रगति के मार्ग पर अग्रसर है.

ऑफिसर ऑफ द मंथ पहल से मिला प्रोत्साहन :

उपायुक्त द्वारा ऑफिसर ऑफ द मंथ पहल का शुभारंभ किया गया, जिसका उद्देश्य प्रशासनिक कार्यों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले अधिकारियों एवं कर्मियों को प्रोत्साहित करना है. इस क्रम में जिला कोषागार पदाधिकारी (टीओ) गुलाब चंद उरांव को उनके उत्कृष्ट कार्य के लिए प्रशस्ति पत्र व पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया.

जिला जनसंपर्क पदाधिकारी रवि कुमार ने बताया कि इस दौरान थिएटर फेस्टिवल, नुक्कड़ नाटक, ड्राइंग प्रतियोगिता, टैलेंट मीट, आदिवासी साहित्य चर्चा, विशेष पीटीएम, झारखंड आंदोलनकारियों के साथ संवाद, मीडिया मीट एवं एनआरआइ इंटरैक्शन जैसे कार्यक्रम आयोजित होंगे. उन्होंने बताया कि इसके अतिरिक्त चेंबर ऑफ कॉमर्स बैठक, इंडस्ट्रियल मीट, क्रिकेट मैच, पंचायत स्तरीय कार्यक्रम, स्वयं सहायता समूह बैठक, स्वच्छता अभियान तथा अनसीन हीरो सम्मान समारोह जैसे आयोजनों के माध्यम से समाज के विभिन्न वर्गों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जायेगी.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By MANOJ KUMAR

MANOJ KUMAR is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >