बोकारो से रंजीत कुमार की रिपोर्ट
Bokaro News: रेलवे सुरक्षा बल बोकारो स्टील सिटी पोस्ट ने ऑपरेशन सतर्क के तहत कार्रवाई करते हुए कोसी सुपर एक्सप्रेस से विदेशी शराब बरामद की है. इस दौरान बिहार ले जाने के लिए शराब की तस्करी कर रहे एक युवक को भी हिरासत में लिया गया.
कोच में संदिग्ध ट्रॉली बैग मिलने पर हुई जांच
आरपीएफ के अनुसार बुधवार को ट्रेन संख्या 18626 कोसी सुपर एक्सप्रेस की बोकारो स्टील सिटी स्टेशन पर जांच की जा रही थी. इसी दौरान ट्रेन एस्कॉर्टिंग पार्टी ने कोच संख्या बी-1 में सीट संख्या 17 के पास संदिग्ध अवस्था में रखे एक ट्रॉली बैग की सूचना दी. सूचना मिलने पर आरपीएफ पोस्ट बोकारो रेलवे स्टेशन के एएसआई डी.के. द्विवेदी, एसआई रोजमत अंसारी, कांस्टेबल मंटू कुमार और निलेश कुमार ने संयुक्त रूप से बैग की जांच की. पूछताछ के दौरान नितीश कुमार (23 वर्ष), निवासी करुआ, थाना बख्तियारपुर, जिला सहरसा (बिहार) ने बैग पर अपना दावा किया. पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि वह शराब की खेप बिहार पहुंचाने जा रहा था.
आरोपी हिरासत में
बैग की तलाशी लेने पर कुल 23 बोतल विदेशी शराब बरामद हुई, जिनमें 100 पाइपर्स, टीचर्स, ब्लेंडर्स प्राइड, सिग्नेचर, गोल्फर शॉट और मैजिक मोमेंट्स ब्रांड की बोतलें शामिल हैं. बरामद शराब की अनुमानित कीमत 34,450 रुपये बताई गई है. आरपीएफ ने शराब जब्त कर आरोपी को हिरासत में ले लिया है. आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए जब्त शराब और आरोपी को उत्पाद विभाग के हवाले किया जाएगा.
यह भी पढ़ें: हजारीबाग आरटीए की नई सचिव बनीं सुजाता कुजूर, सड़क सुरक्षा और कानून अनुपालन पर रहेगा फोकस
यह भी पढ़ें: रामगढ़: रांची रोड रेलवे स्टेशन पर बेहतर यात्री सुविधाओं की मांग, चेंबर ने रेल प्रशासन को भेजा पत्र
