कसमार, कसमार प्रखंड सहित पूरे बोकारो जिले में धान खरीद व्यवस्था इन दिनों गंभीर संकट से जूझ रही है. विभिन्न पैक्स (प्राथमिक कृषि साख समितियों) के गोदाम पूरी तरह भर जाने से किसानों से धान की खरीद लगभग बंद हो चुकी है. हालत यह है कि किसान रोजाना धान लेकर क्रय केंद्रों तक पहुंच रहे हैं, लेकिन जगह नहीं होने की बात कहकर उन्हें लौटाया जा रहा है. इससे किसानों में भारी नाराजगी व निराशा देखी जा रही है.
पैक्स संचालकों के अनुसार एक महीने में बड़ी मात्रा में धान की खरीद तो हुई, लेकिन उसका उठाव संबंधित राइस मिलों द्वारा नहीं किये जाने से गोदाम खाली नहीं हो पा रहे हैं. खासकर पनास राइस मिल, रामगढ़ द्वारा धान उठाव नहीं किये जाने को लेकर अधिकांश पैक्स संचालक परेशान हैं. हिसीम पैक्स के संचालक लालदेव महतो ने बताया कि उनके गोदाम में करीब 7000 क्विंटल धान जमा हो चुका है. कई बार मिल प्रबंधन से संपर्क करने के बावजूद कोई सकारात्मक पहल नहीं हो रही है. उन्होंने कहा कि 15 दिसंबर से खरीद शुरू हुई थी, लेकिन अब तक मात्र पांच ट्रक यानी लगभग 1200 क्विंटल धान का ही उठाव किया गया है, जबकि उन्हें 10000 क्विंटल तक धान खरीद का लक्ष्य मिला था. यह भी चिंता जताई कि गोदामों में लंबे समय तक धान पड़े रहने से उसके खराब होने का खतरा बना हुआ है. इसके अलावा जंगली हाथियों के कारण नुकसान की आशंका भी बनी रहती है. यही स्थिति हरनाद, बगदा समेत अन्य पैक्सों की भी बताई जा रही है. पैक्स संचालकों ने बताया कि उनके गोदाम में लगभग चार हजार क्विंटल धान भरा पड़ा है. मिल से उठाव नहीं होने के कारण ऑनलाइन प्रक्रिया भी पूरी नहीं हो पा रही है, क्योंकि नियम के अनुसार उठाव के बाद ही खरीद का डेटा ऑनलाइन दर्ज किया जाता है.Bokaro News: गोदाम भरे, मिल से उठाव ठप, पैक्सों का चक्कर काट रहे किसान

Bokaro News: गोदाम भरे, मिल से उठाव ठप, पैक्सों का चक्कर काट रहे किसान
Copied link
Bokaro News: कसमार प्रखंड सहित पूरे जिले में धान खरीद व्यवस्था गंभीर संकट से जूझ रही है, किसानों में नाराजगी व निराशा.