बोकारो, कैंप दो स्थित समाहरणालय में उपायुक्त विजया जाधव ने शुक्रवार को प्रधानमंत्री (पीएम) कुसुम योजना की जिला स्तरीय गठित कमेटी की बैठक की. डीसी ने चास, चंदनकियारी, जरीडीह व बेरमो प्रखंड में पीएम कुसुम योजना के तहत प्राप्त आवेदनों की कम संख्या पर नाराजगी जतायी. जिला कृषि पदाधिकारी (डीएओ) से स्पष्टीकरण पूछने का निर्देश दिया. योजना के तहत आवेदन की सूची श्रेणी के आधार पर सूचीबद्ध प्रतिवेदन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया. भविष्य में भौतिक सत्यापन में बीडीओ व मुखिया का सत्यापन अनिवार्य करने की बात कहीं.
योजना के नोडल पदाधिकारी ने बताया कि पीएम कुसुम योजना के तहत जिलों में किसानों को अनुदानित दर पर सिंचाई कार्य के लिए सोलर पंप सेट की आपूर्ति व अधिष्ठापन किया जाना है. कुल 542 आवेदन ऑनलाइन प्राप्त हुए है. ऑनलाइन आवेदन सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों द्वारा किसानों का चयन जेडा रांची द्वारा सभी मानकों के आधार व स्थलीय जांच के बाद 481 आवेदन स्वीकृत कर भेजने का निर्देश दिया. डीसी ने निरीक्षण के बाद कमेटी सदस्यों द्वारा चिन्हित किसानों की सूची को अनुमोदित किया. उन्होंने सभी दस्तावेजों को निदेशक, जेडा रांची को अग्रेतर कार्रवाई के लिए भेजने को कहा. इसके अलावा कई अन्य बिंदुओं पर चर्चा की गयी. मौके पर एसपी मनोज स्वर्गियारी, डीडब्लूओ एनएस कुजूर, कार्यपालक अभियंता विद्युत एस तिवारी, पीएम कुसुम योजना के नोडल पदाधिकारी शक्ति कुमार, एडीपीआरओ अविनाश कुमार सिंह आदि मौजूद थे.लंबित कार्यों को संबंधित एजेंसी अविलंब करें पूरा : डीसी
बोकारो, समाहरणालय में शुक्रवार को डीसी विजया जाधव ने समेकित बिरसा ग्राम सह कृषक पाठशाला नावाडीह व जरीडीह की जिला स्तरीय निगरानी समिति का बैठक की. मौके पर जिला कृषि पदाधिकारी मो. शाहिद, जिला आपूर्ति पदाधिकारी शालिनी खालखो व अन्य पदाधिकारी आदि उपस्थित थे. डीसी ने समेकित बिरसा ग्राम सह कृषक पाठशाला के संबंध में कौन सा काम पूरा व कौन सा पूरा किया जाना है, इसके संबंध में जानकारी ली. कहा कि अधूरे कार्य को त्वरित गति से संबंधित एजेंसी पूरा करे. समीक्षा क्रम में समेकित बिरसा ग्राम सह कृषक पाठशाला के उद्देश्य व लाभ से क्षेत्र के किसानों को अवगत कराने को लेकर व्यापक स्तर पर प्रचार-प्रसार कराने को कहा. कृषक पाठशाला नावाडीह के एजेंसी आदर्श ग्राम विकास सेवा समिति के सचिव बासुदेव शर्मा ने बताया कि मार्च 2023 में नावाडीह कृषक पाठशाला का कार्य शुरू किया गया था. 80 प्रतिशत कार्य पूर्ण कर लिया गया. शेष बचे कार्य को एक माह के अंदर पूर्ण कर लिया जाएगा. वहीं, जरीडीह कृषक पाठशाला का डीपीआर अनुमोदन का कार्य प्रगति पर है. बैठक में कृषक पाठशाला नावाडीह में किये गए कार्यों एवं मानव संसाधन मानदेय, श्रमिकों के भुगतान समेत अन्य मुद्दों पर चर्चा हुई. डीसी ने अनुमोदन को लेकर जिला कृषि पदाधिकारी मोहम्मद शाहिद व अन्य पदाधिकारियों द्वारा जरूरी दिशा – निर्देश दिया. डीसी ने जिला कृषि पदाधिकारी को जिला के वातावरण अनुरूप चीकू, ड्रैगन फ्रूट, अमरूद, पपीता, नींबू आदि का फसल उत्पादन पर बल देने व किसानों को प्रेरित करने को कहा.डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
