Bokaro News: सेक्टर दंडाधिकारी व पुलिस पदाधिकारी की भूमिका अहम
बोकारो, नगरपालिका चुनाव को लेकर जिला पंचायत संसाधन केंद्र (डीपीआरसी) सभागार में आयोजित सेक्टर दंडाधिकारी व पुलिस पदाधिकारियों के प्रशिक्षण सत्र का सोमवार को जिला निर्वाचन पदाधिकारी अजय नाथ झा ने निरीक्षण किया. डीइओ ने कहा कि चुनाव कार्य में सेक्टर दंडाधिकारी व पुलिस पदाधिकारी की भूमिका महत्वपूर्ण है. उन्होंने निर्देश दिया कि सभी सेक्टर दंडाधिकारी क्षेत्र में संबंधित पुलिस पदाधिकारियों के साथ संयुक्त रूप से मतदान केंद्र का भ्रमण करें.
रूट चार्ट व मूलभूत सुविधाओं का करें आंकलन
डीइओ ने निर्देश दिया कि भ्रमण के दौरान रूट चार्ट, मार्ग की स्थिति, संकेतक (साइनज), मतदान केंद्रों पर उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं जैसे – पेयजल, शौचालय, बिजली, रैंप आदि का बारीकी से आंकलन किया जाये. भ्रमण के बाद सभी सेक्टर दंडाधिकारी निर्धारित प्रारूप में प्रतिवेदन समयबद्ध रूप से समर्पित करें, ताकि आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई समय रहते सुनिश्चित हो.
निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण चुनाव है प्राथमिकता
डीइओ ने कहा कि चुनाव प्रक्रिया के प्रत्येक चरण में आदर्श आचार संहिता का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित हो. किसी भी ��्रकार की लापरवाही को गंभीरता से लिया जायेगा. प्रशिक्षण सत्र के दौरान संबंधित पदाधिकारियों को निर्वाचन से जुड़ी विभिन्न प्रक्रियाओं की जानकारी दी गयी.
बैलेट बॉक्स के साथ मतदान केंद्र के अलावा कहीं नहीं रुकेंगे कर्मी
डीइओ ने कहा कि बैलेट बॉक्स के साथ कोई भी कर्मी मतदान केंद्र के अलावा किसी अन्य स्थान पर नहीं रुकेंगे. इस आदेश का सख्ती से अनुपालन सेक्टर दंडाधिकारी-पुलिस पदाधिकारी सुनिश्चित करेंगे. उन्होंने कहा कि मतदान सामग्री के साथ निर्धारित मतदान केंद्र तक सीधी व सुरक्षित आवाजाही अनिवार्य है. किसी भी परिस्थिति में अनधिकृत स्थान पर ठहराव बर्दाश्त नहीं किया जायेगा. निर्देशों की अवहेलना को गंभीरता से लिया जायेगा एवं संबंधित कर्मियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जायेगी. मौके पर निर्वाचन कोषांग की वरीय पदाधिकारी शताब्दी मजूमदार, प्रशिक्षण कोषांग के नोडल पदाधिकारी जगरनाथ लोहरा, डीएसइ अतुल कुमार चौबे, कार्मिक कोषांग के पंकज दूबे, मीडिया कोषांग के प्रभारी पदाधिकारी अविनाश कुमार सिंह समेत अन्य उपस्थित थे.
Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.