Bokaro News: बोकारो की फिजां में घुली फूलों की खुशबू

Bokaro News: सेक्टर चार स्थित जैविक उद्यान में बीएसएल ने लगायी पुष्प प्रदर्शनी, लोगों को किया आकर्षित, फूलों को देखने पहुंचे शहरवासियों ने परिजनों के साथ ली सेल्फी.

बोकारो, बोकारो स्टील प्लांट (बीएसएल) की ओर से सेक्टर चार में संचालित जैविक उद्यान शनिवार को फूलों की खुशबू से गुलजार हो गया. तरह-तरह के लुभावने फूलों ने हर किसी को अपनी ओर आकर्षित किया. मौका था बीएसएल की पुष्प प्रदर्शनी ‘पुष्पिता-2026’ का. बीएसएल के नगर प्रशासन-बागवानी विभाग की ओर से 21-22 फरवरी को जैविक उद्यान में पुष्प प्रदर्शनी लगायी गयी है.

चार श्रेणियों में पुष्पों को किया प्रदर्शित

प्रदर्शनी का उद्घाटन शनिवार को पूर्वाह्न बीएसएल की अधिशासी निदेशक (एचआर) राजश्री बनर्जी ने किया. प्रदर्शनी में चार श्रेणियों में पुष्पों को प्रदर्शित किया गया है, जिनमें नगर बोकारो के आमजन, विभिन्न स्कूल, विभिन्न नर्सरी व माली शामिल हैं. मौके पर अधिशासी निदेशक (सामग्री प्रबंधन) सीआर मिश्रा, अधिशासी निदेशक (परियोजनाएं) अनीष सेनगुप्ता, अधिशासी निदेशक (चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं) डॉ. बीबी करुणामय, मुख्य महाप्रबंधक (सर्विसेज) अरविंद कुमार, जीएम एलआरए एके सिंह सहित अन्य वरीय अधिकारी, कर्मी व प्रदर्शनी में भाग ले रहे प्रतिभागी उपस्थित थे.

बसंत मेला-2026 में प्रदर्शित होगा सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन

प्रदर्शनी में मौसमी फूल, सजावटी पौधे, पुष्प सज्जा व नये लैंडस्केपिंग कॉन्सेप्ट प्रदर्शित किये गये हैं. इसको देखने के लिए ही आयु वर्ग के लोग जैविक उद्यान पहुंचे. प्रदर्शनी में लगभग 200 पुष्प-गमले प्रतिभागियों द्वारा प्रदर्शित किये गये हैं. प्रदर्शनी का अवलोकन रविवार को भी किया जा सकता है. प्रदर्शनी के बाद एक निर्णायक मंडल की ओर से तीन सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शनों का चयन किया जायेगा. उन्हें पुरस्कृत किया जायेगा. सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शनों को बसंत मेला-2026 में नगर प्रशासन-बागवानी विभाग की ओर से प्रदर्शित किया जायेगा. इस कार्यक्रम का समापन व पुरस्कार वितरण 22 फरवरी को शाम पांच बजे किया जायेगा.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By ANAND KUMAR UPADHYAY

ANAND KUMAR UPADHYAY is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >