Bokaro News: पुष्पिता-2026 : जैविक उद्यान में फूलों की प्रदर्शनी 21-22 फरवरी को
Bokaro News: बोकारो इस्पात संयंत्र के नगर प्रशासन बागवानी विभाग करेगा आयोजन, बोकारो वासियों को मिलेगा पुष्पों को प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा, तीन सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शनों को पुरस्कृत किया जायेगा.
By ANAND KUMAR UPADHYAY | Updated at :
बोकारो, बोकारो इस्पात संयंत्र के नगर प्रशासन बागवानी विभाग की ओर से 21-22 फरवरी को जवाहरलाल नेहरू जैविक उद्यान-सेक्टर 04 में फूलों की प्रदर्शनी ‘पुष्पिता-2026’ का आयोजन होगा. इसमें बोकारोवासियों को भी पुष्पों को प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा. प्रदर्शनी के बाद एक निर्णायक मंडल द्वारा तीन सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शनों को चुना जायेगा और उन्हें पुरस्कृत किया जायेगा. सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शनों को बसंत मेला-2026 में नगर प्रशासन बागवानी विभाग की ओर से प्रदर्शित किया जायेगा. इसमें इच्छुक लोग भाग ले सकते हैं.
पुष्प पूर्ण रूप से पल्लवित होने चाहिए और गमले रंगे हुए होने चाहिए
पुष्पिता-2026 में प्रतिभागियों के लिए आवश्यक निर्देश दिये गये हैं. प्रत्येक प्रतिभागी कम से कम दो गमले देगें, जिनका व्यास कम से कम 10 इंच होना चाहिए. एक गमले में केवल एक ही प्रकार का पुष्प लगाना अनिवार्य है और किसी भी गमले में पुष्प का प्रकार दोहराया नहीं जायेगा. पुष्प पूर्ण रूप से पल्लवित होने चाहिए और गमले रंगे हुए होने चाहिए, तरजीही तौर पर लाल रंग से. प्रत्येक गमले पर प्रतिभागी का नाम, पता, फोन नंबर और उसमें प्रदर्शित पुष्प के बारे में संक्षिप्त जानकारी अंकित पर्ची पर लगाना अनिवार्य है.
21 की सुबह 10 बजे से होगी इंट्री
प्रतिभागी स्वयं या अपने किसी प्रतिनिधि को नियुक्त करेंगे, जो जजों व अन्य विशिष्टजनों को प्रदर्शित पुष्पों के बारे में जानकारी दे सकें. कार्यक्रम का उद्घाटन 21 फरवरी को सुबह 10 बजे होगा. समापन व पुरस्कार वितरण 22 फरवरी को संध्या पांच बजे होगा. आगंतुकों के लिए प्रदर्शनी 21 फरवरी को सुबह 10 बजे से खुली रहेगी. इच्छुक प्रतिभागी अपनी प्रतिभागिता की सूचना ta.hort.jnb@gmail.com पर या JNB Park कार्यालय में 17 फरवरी की संध्या साढ़े पांच बजे तक भेज सकते हैं.
सुबह 6.30 बजे से 8.30 बजे के बीच जमा होगा गमला
प्रतिभागी अपने गमले 21 फरवरी की सुबह 6.30 बजे से 8.30 बजे के बीच जमा करेंगे. गमला जमा करने के लिए कर्मी जैविक उद्यान में उपलब्ध रहेंगे. अन्य जानकारी के लिए प्रमोद शंकर सिंह, उपमहाप्रबंधक (नगर प्रशासन – बागवानी) से मोबाइल 8986872608 पर या राजेश कुमार, सहायक प्रबंधक (नगर प्रशासन – बागवानी) से मोबाइल 8986876353 पर संपर्क किया जा सकता है. जज पैनल का निर्णय अंतिम और बाध्यकारी होगा. कार्यक्रम समाप्ति के बाद प्रतिभागी अपने गमले वापस ले जा सकते है.