Bokaro News : 17 मार्च को शपथ लेंगे नव निर्वाचित मेयर व अध्यक्ष
बोकारो, जिला निर्वाचन पदाधिकारी (डीइओ) अजय नाथ झा ने शनिवार को नगर निकाय चुनाव के तहत 17 मार्च को प्रस्तावित मेयर व अध्यक्ष के शपथ ग्रहण व डिप्टी मेयर व उपाध्यक्ष के अप्रत्यक्ष चुनाव को लेकर बैठक की. डीइओ ने चुनाव प्रक्रिया को सुचारू, पारदर्शी व विधि-सम्मत तरीके से संपन्न कराने को लेकर दिशा-निर्देश दिया. डीइओ श्री झा ने बताया कि नौ मार्च को जिला दंडाधिकारी/निर्वाची पदाधिकारी की ओर से बैठक की सूचना जारी होगी. 17 मार्च को 11 बजे चास नगर निगम व फुसरो नगर परिषद में बैठक होगी. बैठक के दौरान सबसे पहले निर्वाचित मेयर व अध्यक्ष का शपथ ग्रहण होगा. इसके बाद वार्ड पार्षदों को शपथ दिलायी जायेगी. चास नगर निगम में शपथ ग्रहण प्रमंडलीय आयुक्त, उत्तरी छोटानागपुर प्रमंडल- हजारीबाग द्वारा कराया जायेगा. वहीं, फुसरो नगर परिषद में शपथ ग्रहण डीसी की ओर से कराया जायेगा.
डिप्टी मेयर व उपाध्यक्ष का होगा अप्रत्यक्ष निर्वाचन
शपथ ग्रहण कार्यक्रम के बाद डिप्टी मेयर (चास नगर निगम) व उपाध्यक्ष (फुसरो नगर परिषद) पद के लिए अप्रत्यक्ष निर्वाचन निर्धारित कार्यक्रम होगा. 11:30 से 11:45 बजे तक नाम निर्देशन पत्र दाखिल होगा. नामांकन पत्रों की संवीक्षा 11:45 बजे से 12 बजे तक होगी. इसके 12 बजे से 12:15 बजे तक वैध अभ्यर्थियों की सूची तैयार होगी. 12:30 बजे तक अभ्यर्थिता से नाम वापसी होगी. मतपत्र की तैयारी 12:30 बजे से 12:45 बजे तक होगी. 12:45 से 1:15 तक मतदान होगा. 1:45 बजे तक मतगणना होगी. परिणाम की घोषणा व निर्वाचन प्रमाण पत्र वितरण 1:45 बजे से दो बजे तक होगा.
मतपत्र व वैध मतों को लेकर एसओपी तैयार करने का दिया निर्देश
डीइओ ने जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी (नगरपालिका) सह डीपीआरओ सफीक आलम को निर्देश दिया कि डिप्टी मेयर व उपाध्यक्ष के निर्वाचन को लेकर मतपत्र की तैयारी, वैध मतों की गणना व मतदान की प्रक्रिया के लिए विस्तृत स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर (एसओपी) तैयार की जाये. ताकि, निर्वाचन प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी व व्यवस्थित तरीका से संपन्न हो सके.
समान मत मिलने पर लॉटरी से होगा निर्णय
निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान यदि किसी अभ्यर्थी को समान मत प्राप्त होता हैं, तो नियमानुसार लॉटरी (ड्राॅ ऑफ लॉट्स) के माध्यम से विजेता का निर्णय किया जायेगा. चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद डिप्टी मेयर व उपाध्यक्ष का शपथ ग्रहण 02:10 बजे कराया जायेगा. चास नगर निगम में नव निर्वाचित डिप्टी मेयर को मेयर द्वारा शपथ दिलाई जायेगी. वहीं, फुसरो नगर परिषद में उपाध्यक्ष को अध्यक्ष शपथ दिलायेगी. मौके पर डीडीसी शताब्दी मजूमदार, अपर समाहर्ता मुमताज अंसारी, निर्वाची पदाधिकारी सह एसडीओ चास प्रांजल ढांडा, डीसीएलआर चास प्रभाष दत्ता, निर्वाची पदाधिकारी सह एसडीओ बेरमो मुकेश मछुआ, जिला भू अर्जन पदाधिकारी द्वारिका बैठा, जिला आपूर्ति पदाधिकारी शालिनी खालखो, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी रवि कुमार, डीएसडब्ल्यूओ डॉ सुमन गुप्ता, चास बीडीओ डॉ प्रदीप कुमार, बेरमो बीडीओ मुकेश कुमार, सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा सुचिता किरण, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी अविनाश कुमार सिंह, डीपीओ यूआइडी शैलेंद्र मिश्रा व अन्य मौजूद थे.
Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.