Bokaro News: निर्वाचन प्रक्रिया में लापरवाही या चूक बर्दाश्त नहीं

Bokaro News: नगर निकाय चुनाव को लेकर सभी कोषांगों के कार्य प्रगति की डीइओ सह डीसी ने की समीक्षा.

बोकारो, नगर निकाय चुनाव को लेकर जिला निर्वाचन पदाधिकारी अजय नाथ झा ने समाहरणालय कार्यालय कक्ष में विभिन्न निर्वाचन कोषांगों के वरीय व नोडल पदाधिकारियों के साथ बैठक की. डीइओ ने सभी कोषांगों को निर्वाचन से संबंधित अपने-अपने दायित्वों का सही, समयबद्ध एवं त्रुटिरहित (जीरो एरर) निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया के किसी भी स्तर पर लापरवाही या चूक को बर्दाश्त नहीं की जायेगी. डीइओ ने परिवहन कोषांग को निर्देश दिया कि प्रतिनियुक्त सेक्टर मजिस्ट्रेट एवं पुलिस पदाधिकारियों को मतदान केंद्रों एवं रूट चार्ट के सत्यापन के लिए आवश्यकतानुसार वाहन उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें, ताकि क्षेत्र भ्रमण एवं निरीक्षण कार्य सुचारू रूप से किया जा सके. समीक्षा बैठक में डीइओ ने निर्वाचन कोषांग, कार्मिक कोषांग, मतपत्र एवं मतपेटिका कोषांग, सामग्री कोषांग, परिवहन कोषांग, विधि व्यवस्था-सह-आचार संहिता कोषांग, हेल्पलाइन एवं जन शिकायत कोषांग, प्रेक्षक कोषांग, प्रशिक्षण कोषांग, मीडिया कोषांग, निर्वाचन व्यय अनुश्रवण कोषांग, सूचना तकनीकी कोषांग, नियंत्रण कक्ष कोषांगों की क्रमवार कार्य प्रगति की समीक्षा की. सभी निर्वाचन पदाधिकारियों को राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण निर्वाचन कराना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें सभी पदाधिकारियों की भूमिका महत्वपूर्ण है. बैठक में डीडीसी शताब्दी मजूमदार, डीपीएलआर मेनका, अपर समाहर्ता मुमताज अंसारी, डीसीएलआर चास प्रभाष दत्ता, डीपीआरओ सफीक आलम, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी रवि कुमार, स्थापना उप समाहर्ता प्रेमचंद सिन्हा, डीआइओ धनंजय कुमार, जिला भू अर्जन पदाधिकारी द्वारिका बैठा, डीटीओ मारूति मिंज, राज्य कर आयुक्त नवनीत निश्चल व अन्य मौजूद थे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Anand kumar upadhyay

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >