Bokaro News : गोड्डा को हराकर हजारीबाग पहुंचा क्वार्टर फाइनल में

Bokaro News : जेएससीए अंतर जिला अंडर 23 क्रिकेट टूर्नामेंट, हजारीबाग के आनंद कुमार बने प्लेयर ऑफ द मैच

बोकारो, बोकारो जिला क्रिकेट संघ के तत्वावधान में शुक्रवार को जेएससीए अंतर जिला अंडर 23 क्रिकेट टूर्नामेंट में लीग के दो मैच खेले गये. सेक्टर चार स्थित बीएसएल क्रिकेट स्टेडियम में खले गये मैच में आनंद कुमार के नाबाद शतक की मदद से हजारीबाग ने गोड्डा की टीम को 104 रनों से पराजित कर ग्रुप डी से क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया. पहले बल्लेबाजी करते हुए हजारीबाग की टीम ने 50 ओवर में छह विकेट खोकर 266 रन बनाये. आनंद कुमार ने नाबाद 112, शौर्य ने 56 व निशांत कुमार ने 43 रन बनाये. गोड्डा की ओर से अब्दुल हक को दो सफलता मिली. जवाबी पारी खेलने उतरी गोड्डा की टीम 41 ओवर में 162 रनों पर सिमट गयी. वैभव यादव ने 37, आयुष कुमार ने 26 व मोहित सिंह ने 22 रन बनाये. हजारीबाग की ओर से प्रभात कुमार ने 36 रन देकर चार विकेट लिए जबकि बासुकीनाथ तिवारी को दो सफलता मिली. मैच में शानदार नाबाद शतक के लिए हजारीबाग के आनंद कुमार को प्लेयर ऑफ द मैच का कैश मनी अवार्ड जेएससीए के आजीवन सदस्य राजेश प्रताप सिंह ने सौंपा.

पाकुड़ ने सरायकेला खरसावां को तीन विकेट से हराया

वहीं, ट्रेनीज हॉस्टल ग्राउंड सेक्टर तीन में खेले गये दूसरे मैच में पाकुड़ ने सरायकेला खरसावां की टीम को तीन विकेट से पराजित किया. पहले बल्लेबाजी करते हुए सरायकेला खरसावां की टीम ने 50 ओवर में पांच विकेट खोकर 272 रन बनाये. टीम की ओर से हनी चौधरी ने 66 , इशू आर्यन ने 65, आरुष गुप्ता ने नाबाद 52 व माधव गुप्ता ने नाबाद 44 रन बनाये. पाकुड़ की ओर से अख्तरुल शेख को दो सफलता मिली. जवाबी पारी खेलने उतरी पाकुड़ की टीम ने जीत के लिए जरूरी 275 रन 46.4 ओवर में सात विकेट खोकर बना लिये. टीम की ओर से तुषार घोष व सेबेस्तियन ने 79 – 79 , दीवाकांत पांडे ने नाबाद 56 व सेंटू कुमार यादव ने 27 रन बनाये. सरायकेला खरसावां की ओर से मोहक राज ने 54 रन देकर पांच विकेट लिए. पाकुड़ के दीवाकांत पांडे को प्लेयर ऑफ द मैच का कैश मनी अवार्ड जेएससीए के आजीवन सदस्य सह बीडीसीए तदर्थ समिति के सदस्य राजेश रंजन ने सौंपा.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >