Bokaro News : चास से अंतरप्रांतीय चोर गिरोह के चार सदस्य गिरफ्तार

Bokaro News : बालीडीह पुलिस ने चास थाना क्षेत्र के आदर्श कॉलोनी में छापेमारी कर की गिरफ्तार, बालीडीह व बेरमो में हुई चोरीकांड में शामिल था गिरोह, सरगना तीन लाख का इनामी नरेश को रिमांड पर लेने उत्तर प्रदेश जायेगी पुलिस

बोकारो, बालीडीह थाना पुलिस ने अंतरप्रांतीय चोरी करनेवाले नरेश गिरोह के चार सदस्यों को मंगलवार की रात चास थाना क्षेत्र के आदर्श कॉलोनी में छापेमारी कर गिरफ्तार किया. चारों अभियुक्त उत्तर प्रदेश के हैं. धर्मपाल व ब्रजेश का घर बदायूं जिले के कादर चौक थाना के धनुपुरा जबकि भीम सिंह व राजेंद्र का घर इसी थाना के भोजपुर गांव है. इसके मुख्य सरगना तीन लाख का इनामी नरेश को उत्तर प्रदेश पुलिस ने पकड़ लिया है. पुलिस की टीम नरेश को रिमांड पर लेने के लिए उत्तर प्रदेश जायेगी. बुधवार को बालीडीह थाना में प्रभारी सह इंस्पेक्टर नवीन कुमार सिंह ने ये जानकारी पत्रकारों को दी.

चोरी के बाद सीसीटीवी का डीवीआर भी ले गये थे

श्री सिंह ने बताया कि आठ मार्च 2025 को बालीडीह थाना क्षेत्र के चंचली मार्केट में वीरेंद्र स्वर्णकार में सेंधमारी कर चोरी हुई थी. आरोपी सोने-चांदी के जेवरात सहित सीसीटीवी का डीवीआर भी लेकर चले गये थे. पुलिस ने कांड संख्या 89/25 दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया. एसपी मनोज स्वर्गियारी ने मुख्यालय डीएसपी अनिमेष कुमार गुप्ता के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया. अनुसंधान में पता चला कि चोरी में उत्तर प्रदेश के रहनेवाले अंतरप्रांतीय गिरोह का हाथ है. गिरोह के सदस्य पूरे देश में घूम – घूम कर ज्वेलरी दुकान में सेंधमारी व शटर उखाड़ कर चोरी करते है. गैंग का मास्टरमाईंड नरेश (उत्तर प्रदेश के बदायूं जिला के कादर चौक थाना स्थित भोजपुर गांव) यूपी का रहनेवाला है. नरेश पर करीब एक दर्जन से ज्यादा चोरी व आर्म्स एक्ट का मामला दर्ज है. उत्तर प्रदेश पुलिस ने नरेश पर लगभग तीन लाख का इनाम भी घोषित कर रखा है.

दिन में रेकी व रात में चोरी करता है गिरोह

श्री सिंह ने कहा कि गिरोह ने बालीडीह थाना के नरकरा गायत्री नगर में जनवरी में सुनील साव के बंद घर व बेरमो थाना के सोना चांदी ज्वेलर्स दुकान में 2024 के दिसंबर माह में चोरी की घटना को अंजाम दिया है. गैंग जिस शहर में चोरी की वारदात को अंजाम देता है. वहां पर कमरा किराये पर लेकर रहता है. साइकिल से कुर्सी व अन्य सामग्री बेचने का बहाना कर रेकी करता है. जिस दुकान में अधिक भीड़ होती है. दिन में रेकी कर रात को चोरी की घटना को अंजाम देते है. पूरी तैयारी के साथ चोरी की घटना को अंजाम देते है. कुत्ता को मारने के लिए गूलेल का प्रयोग करते है. चोरी के दौरान मुंह ढकना व हाथ में ग्लब्स पहनते है. चोरी के बाद सीसीटीवी का डीवीआर साथ ले जाते है. फिलहाल गैंग का वर्तमान निवास स्थल चास थाना के आदर्श कॉलोनी स्थित दुलाल दास का किराये का मकान था.

गिरफ्तार अपराधियों का आपराधिक इतिहास

श्री सिंह ने कहा कि धर्मपाल पर महाराष्ट्र के जिला सतारा में अपराध संख्या 01/2002 में आर्म्स एक्ट व उत्तर प्रदेश के सिकरीगंज थाना जनपद गोरखपुर में मुकदमा संख्या 908/08 दर्ज है. ब्रजेश पर उत्तर प्रदेश के कादर चौक थाना में मुकदमा संख्या 334/21 में आर्म्स एक्ट व कादर चौक थाना में ही मुकदमा संख्या 222/19 दर्ज है. राजेंद्र पर उत्तर प्रदेश के कादर चौक में मुकदमा संख्या 488/22 यूपी उत्पाद अधिनियम के तहत दर्ज है. भीम पर कुल्टी थाना में कांड संख्या 481/17, कांड संख्या 60/18 के अलावे कांड संख्या 25/27 आर्म्स एक्ट दर्ज है.

बरामद सामान

पुलिस टीम ने छापेमारी के दौरान अभियुक्तों के पास से चार साइकिल, चांदी के जेवरात करीब 430 ग्राम व खाली डब्बा, एक पीस गूलेल, कांच की गोली 55 पीस, चार मोबाइल, इलेक्ट्रिक कटर एक पीस, हेक्सा ब्लड, स्क्रू ड्राइवर, 24 ईंच का बोल्ट कटर, लोहे की पाइप दो पीस, लकड़ी का गुटका दो पीस, साइकिल एयर पंप एक पीस, सीसीटीवी कैमरा का टूटा हुआ भाग, छोटी सलाई रिंच, लोहा का एक सबल बरामद किया.

छापेमारी दल में ये थे शामिल

छापेमारी दल में इंस्पेक्टर नवीन कुमार सिंह, पुअनि जितेंद्र कुमार यादव, पुअनि वीरमणी कुमार, पुअनि अजय कुमार राय, पुअनि संदीप कुमार, पुअनि शशिकांत ठाकुर, आरक्षी सौरभ कुमार सिंह शामिल थे.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >