Bokaro News : कसमार में डीसी का औचक निरीक्षण, कई खामियां उजागर

Bokaro News : नाजीर व प्रधान सहायक का वेतन रोका गया, प्रखंड को कृषि बेस्ड मॉडल बनाने की तैयारी.

कसमार, उपायुक्त अजयनाथ झा व उप विकास आयुक्त शताब्दी मजूमदार ने सोमवार को कसमार प्रखंड का औचक निरीक्षण किया. इस दौरान कई खामियां उजागर हुईं. प्रखंड सह अंचल कार्यालय में आगत- निर्गत/सीएल/कैश पंजी अद्यतन नहीं पाये गये. इस पर डीसी ने नाराजगी जतायी और संबंधित नाजीर व प्रधान सहायक का वेतन अगले आदेश तक स्थगित करने का आदेश दिया. उन्होंने एक सप्ताह की समय सीमा के भीतर सभी पंजी अद्यतन करने का निर्देश दिया. कसमार स्थित फार्मटांड़ (आजीविका संसाधन केंद्र) पहुंचकर डीसी-डीडीसी ने जेएसएलपीएस से जुड़े स्वयं सहायता समूहों (एसएचजी) की समीक्षा की. उन्होंने समूहों को और सक्रिय बनाने, कार्यों को पारदर्शी ढंग से संचालित करने तथा योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक ग्रामीण परिवारों तक पहुंचाने का निर्देश दिया. वर्तमान में 10 समूह जुड़े हैं, जिसकी संख्या बढ़ाने को कहा गया. डीसी ने कसमार प्रखंड को कृषि बेस्ड मॉडल प्रखंड बनाने की बात कही और इसके लिए परियोजना तैयार करने का निर्देश दिया.

महिलाओं से संवाद

निरीक्षण के दौरान प्रखंड कार्यालय में उपस्थित महिलाओं से डीसी ने सीधा संवाद किया. महिलाओं ने मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना समेत कई समस्याओं को सामने रखा. योजना मद का पैसा भुगतान नहीं होने की शिकायत की. उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि देर शाम तक सभी आवेदनों की समस्याओं को सूचीबद्ध कर जिला कार्यालय भेजा जाए और त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए.

आदि कर्मयोगी प्रशिक्षण की शुरुआत

प्रखंड सभागार में आयोजित आदि कर्मयोगी योजना अंतर्गत प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्घाटन डीसी, डीडीसी और सीओ ने संयुक्त रूप से किया. डीसी ने कहा कि यह प्रशिक्षण सेवा डिलिवरी को अधिक पारदर्शी और प्रभावी बनाने की दिशा में एक अहम कदम है.

सीएचसी में मिली एक्सपायरी दवा पर जतायी नाराजगी

डीसी–डीडीसी ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का भी निरीक्षण किया. ओपीडी, दंत चिकित्सक कक्ष, युवा मैत्री केंद्र, शौचालय और भंडार गृह का जायजा लिया. निरीक्षण के दौरान दवा भंडार कक्ष में एक्सपायरी दवाएं मिलने पर डीसी ने नाजारजी जतायी. उन्होंने कहा कि ऐसी लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. साथ ही सीएचसी परिसर की साफ-सफाई, शौचालय और प्रकाश व्यवस्था में तत्काल सुधार करने का निर्देश दिया.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >