Bokaro News : कथारा से भारी मात्रा में नकली शराब जब्त

Bokaro News : पुलिस ने कथारा में भारी मात्रा में नकली शराब और अन्य सामान जब्त किया.

पुलिस ने कथारा ओपी क्षेत्र अंतर्गत कथारा बस्ती मिडिल स्कूल के सामने शुक्रवार की सुबह लगभग साढ़े चार बजे पिकअप वैन (जेएच 01सी एक्स-7876) में लदी भारी मात्रा में नकली शराब, शराब बनाने वाली मशीन समेत अन्य सामान जब्त किया. अंधेरा का लाभ उठाते हुए चालक और वाहन में सवार एक अन्य व्यक्ति भाग गये. मामले को लेकर थाना परिसर में शनिवार को बोकारो एसपी और बेरमो एसडीपीओ ने प्रेस कॉन्फ्रेंस किया.

गुप्त सूचना के आधार पर हुई कार्रवाई

एसपी हरविंदर सिंह ने कहा कि बोकारो पुलिस पिछले कई दिनों से जिला के विभिन्न क्षेत्रों में टीम गठित कर नकली शराब की बिक्री पर रोक लगाने के लिए छापामारी अभियान चला रही है. इसी क्रम में गुप्त सूचना मिली थी कि कथारा बस्ती के निकट एक पिकअप वैन में अवैध शराब ले जायी जा रही है. कथारा ओपी प्रभारी राजेश प्रजापति के नेतृत्व में पुलिस ने छापामारी की. वैन में विभिन्न ब्रांड की 820 बोतल अवैध शराब, स्प्रिट, स्टिकर सहित शराब बनाने वाली मशीन लोड थी. इसकी कीमत चार-पांच लाख रुपये है. जब्त शराब को जांच के लिए लेबोरेट्री में भेजा जायेगा. इस संबंध में गोमिया (कथारा ओपी) थाना में प्राथमिकी दर्ज कर तस्करों की गिरफ्तारी के लिए छापामारी की जा रही है. छापामारी दल में एसआइ रवि चौरसिया, एएसआइ केएन पाठक, अंधरियस धान, आरक्षी सुनील कुमार, अमीरउज्जमा, संजय कुमार, हरिकेश पटेल शामिल थे. प्रेस कॉन्फ्रेंस में एसडीपीओ बीएन सिंह, गोमिया पुलिस इंस्पेक्टर जितेंद्र कुमार, एएसआइ नागेंद्र दुबे भी उपस्थित थे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By JANAK SINGH CHOUDHARY

JANAK SINGH CHOUDHARY is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >