Bokaro News : चास में लापता बिल्डर का शव पानी टंकी में मिला, लोगों ने जाम किया हाइवे

Bokaro News : गोकुल धाम एनक्लेव के निर्माणाधीन अपार्टमेंट की घटना, शिवशक्ति कॉलोनी के रहनेवाले थे मृतक संत कुमार सिंह, परिजनों ने पार्टनरों पर लगाया हत्या का आरोप.

बोकारो/चास, चास थाना क्षेत्र की शिवशक्ति कॉलोनी के रहनेवाले 52 वर्षीय बिल्डर संत कुमार सिंह का शव बीते मंगलवार को एक निर्माणाधीन अपार्टमेंट की पानी टंकी से बरामद मिला. दो दिनों से लापता संत कुमार सिंह का शव मिलने की खबर से आक्रोशित परिजनों और स्थानीय लोगों ने धनबाद-टाटा मुख्य मार्ग को करीब चार घंटे तक जाम कर दिया, जिससे आवागमन पूरी तरह बाधित रहा. लोग आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग पर प्रदर्शन कर रहे थे. सूचना मिलने पर चास डीएसपी प्रवीण कुमार सिंह समेत कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाकर शाम करीब 7.30 बजे जाम हटवायी. बाद में पुलिस बल की मौजूदगी में शव का पोस्टमार्टम कराया गया. मामले में मृतक की पत्नी नूतन कुमारी ने चास थाना में हत्या की प्राथमिकी दर्ज करायी है. पुलिस के अनुसार, संत कुमार सिंह गोकुल धाम एनक्लेव नामक निर्माणाधीन अपार्टमेंट परियोजना से जुड़े थे. उसी अपार्टमेंट की पानी टंकी से मंगलवार को उनका शव बरामद हुआ. दो दिनों से लापता रहने के कारण परिजनों ने पहले ही हत्या की आशंका जतायी थी.

व्यापारिक साझेदारों पर हत्या का आरोप

मृतक की पत्नी नूतन कुमारी ने प्राथमिकी में संत कुमार सिंह के व्यापारिक साझेदार मंतोष ठाकुर, मुरली ठाकुर, रितेश राय, सुमन सिंह, राजेश पात्रा, चालक अकरम और अपार्टमेंट के गार्ड किरण समेत अन्य लोगों पर साजिश कर हत्या करने और शव को पानी टंकी में फेंकने का आरोप लगाया है. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. नूतन कुमारी के अनुसार संत कुमार सिंह, आरोपी मंतोष व अन्य के साथ मिलकर जमीन व अपार्टमेंट का काम करते थे. इसी बीच मंतोष के पिता के दाहसंस्कार के लिए 28 फरवरी को अन्य आरोपियों के साथ बिहार के बक्सर गये थे. एक मार्च को दोपहर दो बजे आरोपी रितेश सुमन व चालक अकरम के साथ कार (जेएच10 डीजी – 9826) से बोकारो लौटे. इसकी सूचना फोन पर संत कुमार सिंह ने दी थी. बताया था कि शाम चार बजे तक घर लौट आयेंगे. नहीं लौटने पर रात 8.30 बजे फोन किया, तो मोबाइल बंद आने लगा. अपार्टमेंट के गार्ड किरण को फोन करने पर पता चला कि उनके पति की जान खतरे में है. फिर मंतोष को फोन कर पति की जानकारी ली, तो उसने कहा कि अपार्टमेंट में जाकर गार्ड को खोजने को कहा है. गार्ड ने खोजने से इनकार कर दिया है. इसके बाद तीन मार्च की दोपहर पता चला कि अपार्टमेंट के अंदर पानी टंकी में उनके पति का शव मिला. मुख्य पथ जाम करने की सूचना पर कई थाना की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची. मुख्य मार्ग को जाम कर रहे लोगों को शांत कराया. पुलिस अधिकारियों के जांच का आश्वासन के बाद सड़क जाम को खत्म किया गया. पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया. इस संबंध में चास एसडीपीओ प्रवीण कुमार सिंह ने कहा कि पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट व जांच के बाद ही मौत के असली कारणों का पता चलेगा.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Anand kumar upadhyay

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >