Bokaro News: टैंकर की चपेट में आने से बाइक सवार की मौत

Bokaro News: जरीडीह थाना क्षेत्र के बेलडीह चौक पर घटी घटना, मुआवजे की मांग को लेकर ग्रामीणों ने की सड़क जाम.

जैनामोड़, जरीडीह थाना क्षेत्र के बेलडीह चौक में कोलकाता-वाराणसी एक्सप्रेस-वे सड़क निर्माण कार्य कर रहे एचजी प्रोजेक्ट के पानी टैंकर की चपेट में आने से गुरुवार को बाइक सवार वृद्ध की मौत हो गयी. मृतक की पहचान जरीडीह थाना क्षेत्र के भस्की पंचायत स्थित हरदीहरीडी निवासी 60 वर्षीय शक्ति पद हजाम के रूप में की गयी. घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने बांधडीह-पिरगुल सड़क को जाम कर दिया. मृतक के परिजनों को मुआवजे दिलाने की मांग को लेकर दोपहर 12 बजे से आवागमन बाधित कर दिया.

जानकारी के अनुसार शक्ति पद प्रतिदिन की तरह अपनी बाइक से फेरी करने निकले थे. इस दौरान बेलडीह चौक पर टैंकर ने उसे अपने चपेट मे ले लिया. युवक टैंकर के नीचे आ गया और उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गयी. सूचना मिलते ही ग्रामीणों की भीड़ जुट गयी. ग्रामीणों ने एजेंसी पर लापरवाही व सड़क सुरक्षा के नियमों का पालन नहीं करने का आरोप लगाया. इस कारण हमेशा घटना घट रही हैं. ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने जब डंपर के कागजात की जांच की, तो सामने आया कि वाहन के आवश्यक दस्तावेज अद्यतन नहीं हैं. इस पर मुखिया प्रतिनिधि भोला मुर्मू समेत अन्य पंचायत प्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने सवाल उठाया कि बिना वैध कागजात के कंपनी ने किस आधार पर वाहन को सड़क निर्माण कार्य में लगाया. उन्होंने इसे गंभीर लापरवाही बताते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और मृतक के परिवार को समुचित मुआवजा देने की मांग की.

मुआवजे पर नहीं बनी सहमति, पुनः होगी वार्ता

इधर घटना की सूचना मिलते ही जरीडीह थाना प्रभारी विपिन चंद्र महतो, कसमार थाना प्रभारी कुंदन कुमार, पेटरवार थाना प्रभारी राजू मुंडा व निर्माण कंपनी के अधिकारी मौके पर पहुंचे. मृतक के परिजनों को मुआवजा देने और आगे की कार्रवाई को लेकर अधिकारियों व ग्रामीणों के बीच वार्ता हुई. हालांकि वाहन मालिक के मौके पर नहीं पहुंचने और अधिकारियों द्वारा वार्ता के लिए थाना या किसी पंचायत भवन में आने का प्रस्ताव रखने के कारण बातचीत किसी नतीजे पर नहीं पहुंच सकी. ग्रामीण इस बात पर अड़े रहे कि वार्ता घटनास्थल पर ही की जाये. अंततः सहमति बनी कि शुक्रवार को पुनः वार्ता की जायेगी. इसके बाद रात करीब नौ बजे रोड जाम हटाया गया. वार्ता में जिप सदस्य सुनीता टुडू, बेलडीह मुखिया प्रतिनिधि भोला मुर्मू, पूर्व पंसस यमुना हांसदा, जेएलकेएम जिलाध्यक्ष अमरेश कुमार महतो, भुवनेश्वर महतो, प्रशांत कुमार महतो, चीकू मेहता, महेंद्र कुमार नायक, अनिल ठाकुर, उमेश ठाकुर, निवाला ठाकुर, सुधीर ठाकुर, सुधीर मांझी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By ANAND KUMAR UPADHYAY

ANAND KUMAR UPADHYAY is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >