Bokaro News : जरीडीह में पिकअप वाहन के धक्के से बाइक सवार पिता-पुत्र की मौत, पत्नी गंभीर

Bokaro News : फोरलेन पर बाराडीह के पास हुई दुर्घटना, विरोध में परिजनों व स्थानीय ग्रामीणों ने पांच घंटे जाम रखी सड़क, कसमार थाना क्षेत्र के कमलापुर के रहनेवाले थे मृतक चंदन तुरी.

जैनामोड़, जरीडीह थाना क्षेत्र में बाराडीह के समीप फोरलेन सड़क पर पिकअप वाहन के धक्के से पिता-पुत्र की मौत हो गयी, जबकि पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गयी. घटना मंगलवार सुबह आठ बजे की है. घटना के विरोध में स्थानीय लोगों ने फोरलेन सड़क पांच घंटे जाम रखी. मृतकों में कसमार थाना क्षेत्र के कमलापुर निवासी 42 वर्षीय चंदन तुरी और उसका 15 वर्षीय बेटा देवेंद्र तुरी शामिल थे. हादसे में चंदन की पत्नी ललिता तुरी घायल हैं. चंदन के पिता लालमोहन तुरी ने बताया कि सोमवार शाम जिउतिया पर्व करने के बाद उनकी बहू ललिता तुरी पति और बेटे के साथ भंडारीदह के गुर्जरडीह स्थित अपनी ससुराल से घर लौट रहा था. घटनास्थल पर अज्ञात सब्जी लदे पिकअप वाहन ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी. इससे पिता-पुत्र की घटनास्थल पर ही मौत हो गयी. वहीं ललिता देवी को इलाज के लिए अस्पताल भेज दिया गया. लालमोहन ने बताया कि घटना से कुछ देर पहले ही वे उसी सड़क से गुजरे थे.

पांच किमी पैदल चलने को मजबूर हुए छात्र व राहगीर

पिता-पुत्र की मौत से गुस्साए परिजनों व स्थानीय ग्रामीणों ने बोकारो-रामगढ़ मुख्य सड़क को सुबह आठ बजे से लेकर दोपहर दो बजे तक पूरी तरह जाम रखा. ग्रामीण बाइक तक नहीं जाने दे रहे थे. जाम के चलते स्कूली बच्चे व राहगीर लगभग पांच किलोमीटर पैदल चलने को मजबूर हुए. जिन-जिन सड़कों से वाहन पार कर रहे थे, आक्रोशित ग्रामीणों ने उसे भी जाम कर दिया.

बेरमो एसडीएम के आश्वासन पर माने लोग गाड़ियों की लंबी कतार लगने से लोगों की परेशानी बढ़ गयी थी. जरीडीह सीओ प्रणब ऋतुराज, थाना प्रभारी विपिन चंद्र महतो, कसमार थाना प्रभारी भजनलाल, पेटरवार थाना प्रभारी राजू कुमार मुंडा मृतकों के आश्रित को सरकारी लाभ दिलाने का आश्वासन दिये, लेकिन परिजनों का कहना था कि जब तक पिकअप वाहन नहीं पकड़ा जाता है, सड़क जाम रहेगी. अंतत: पांच घंटे बाद एसडीएम मुकेश कुमार मछुआ घटनास्थल पर पहुंचे और परिजनों को समझाने में जुट गये. एसडीएम ने एक-एक लाख रुपये व सरकारी लाभ का आश्वासन दिया, तब जाकर जाम हटा.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >