Bokaro News: हाथियों के झुंड को रोकने के लिए लगाये जायेंगे बांस और वनस्पति के पौधे

Bokaro News: मानव-हाथी संघर्ष रोकने की तैयारी, बोकारो जिला प्रशासन ने उठाये कदम, वन अधिकार समिति की बैठक में लिये गये कई निर्णय.

बोकारो, बोकारो जिले में मानव-हाथी संघर्ष की बढ़ती घटनाओं को प्रशासन ने गंभीरता से लिया है. उपायुक्त अजय नाथ झा की अध्यक्षता में सोमवार को आवासीय कार्यालय कक्ष में जिला स्तरीय वन अधिकार समिति की बैठक हुई. इसका उद्देश्य आमजनों की सुरक्षा सुनिश्चित करना, हाथियों के प्राकृतिक विचरण मार्ग को संरक्षित रखना व अवैध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना था. अधिकारियों ने बताया कि हाथियों के पारंपरिक विचरण मार्ग की दोनों तरफ बांस व अन्य उपयुक्त वनस्पतियों का व्यापक स्तर पर पौधरोपण कराया जायेगा, ताकि हाथियों को प्राकृतिक आवरण और भोजन उपलब्ध हो सके.

डीसी श्री झा ने निर्देश दिया कि इन पौधों की कटाई किसी भी स्थिति में व्यापारिक या निजी उपयोग के लिए नहीं की जायेगी. इसकी निगरानी ग्राम रक्षा दल व पशु रक्षा समिति द्वारा की जायेगी. डीसी ने कहा कि राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआइ) के प्रतिनिधियों के साथ समन्वय बैठक करने का भी निर्णय लिया गया. किसी भी सड़क या निर्माण परियोजना के दौरान हाथियों के पारंपरिक विचरण रूट में परिवर्तन नहीं किया जाये, इस पर जोर रहेगा. आवश्यकता पड़ने पर हाथियों की सुरक्षित आवाजाही के लिए पुल या अंडरपास का निर्माण सुनिश्चित किया जायेगा.

डीएमएफटी फंड से सुरक्षा कार्यों को मिलेगी गति

मानव-वन्यजीव संघर्ष से संबंधित सुरक्षा, संरचना एवं अन्य आवश्यक कार्यों पर डीएमएफटी प्रबंधकीय समिति की बैठक में चर्चा कर निर्णय लिया जायेगा. उपायुक्त ने कहा कि सभी निर्णयों का केंद्र बिंदु आम जनता की सुरक्षा होगी. डीसी ने हाथियों के हमले से मृत व्यक्तियों के प्रति शोक संवेदना व्यक्त करते हुए उनके परिजनों को हरसंभव सरकारी सहायता उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया. बैठक में प्रमंडलीय वन पदाधिकारी नीतीश कुमार, अपर समाहर्ता मुमताज अंसारी, वन पदाधिकारी संदीप शिंदे, जिला कल्याण पदाधिकारी एनएस कुजूर, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी अविनाश कुमार सिंह, समिति सदस्य बबली सोरेन समेत कई अधिकारी व सदस्य मौजूद थे.

अवैध माइनिंग और वन अपराधों पर कड़ा रुख

डीसी अजय नाथ झा ने साइलेंसर हटाकर ट्रैक्टरों के माध्यम से की जा रही अवैध माइनिंग व पेड़ों की अवैध कटाई पर नाराजगी व्यक्त की. श्री झा ने तत्काल संबंधित थाना, अंचलाधिकारी, वन विभाग को निर्देश दिया कि दोषियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाये. जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन व वन विभाग संयुक्त रूप से इसकी सतत निगरानी करेंगे. बिना साइलेंसर वाले ट्रैक्टर व अन्य वाहनों को दिन के समय ही जब्त करने का निर्देश दिया गया, ताकि रात्रिकालीन अवैध गतिविधियों पर रोक लगायी जा सके.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Anand kumar upadhyay

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >