चास नगर निगम क्षेत्र के 08 विस्थापित वार्डों में मूलभूत सुविधाओं की कमी को दूर करने के लिए नगर निगम ने बोकारो स्टील प्लांट प्रबंधन से पहल की है. नगर निगम के अपर नगर आयुक्त संजीव कुमार ने सीजीएम, सेल, बोकारो स्टील प्लांट को पत्र लिखा है. पत्र में विस्थापित क्षेत्रों में सीएसआर मद से विकास कार्य कराने का अनुरोध किया गया है.
बुनियादी सुविधाओं से वंचित वार्डों में काम की जरूरत
पत्र में कहा गया है कि चास नगर निगम अंतर्गत विस्थापित क्षेत्र वार्ड संख्या 01, 06, 10, 29, 30, 33, 34 और 35 में मूलभूत सुविधाओं का अभाव है. यदि इन वार्डों में बिजली, पेयजल, सड़क, नाली और स्वास्थ्य जैसी बुनियादी सुविधाओं से संबंधित कार्य बोकारो स्टील प्लांट के सीएसआर मद से कराये जाएं तो सभी विस्थापित वार्डों की स्थिति में सुधार लाया जा सकता है.
अपर नगर आयुक्त ने पत्र में बीएसएल प्रबंधन से अनुरोध किया है कि आठ विस्थापित वार्डों में सीएसआर मद से विकास कार्यों को किया जाए. साथ ही इस संबंध में बैठक के लिए तिथि और समय निर्धारित कर अवगत कराने को कहा है.
पार्षदों ने बोर्ड बैठक में उठया था मुद्दा
चास नगर निगम की बोर्ड बैठक में वार्ड नंबर 34 के पार्षद राहुल कुमार सहित अन्य वार्ड पार्षद सेल से सीएसआर मद की मांग करने से संबंधित मुद्दा लगातार उठा रहे थे. मुद्दा की गंभीरता को देखते हुए और विस्थापित वार्ड के विकास के लिए चास नगर निगम ने सेल को पत्र जारी कर दिया.
पार्षदों ने कहा कि विस्थापित वार्डों में विकास कार्य करना बीएसएल प्रबंधन का दायित्व है. वार्ड क्षेत्र बीएसएल ने बसाया है. इसलिए निगम को होल्डिंग टैक्स देने की जम्मेदारी भी बीएसएल प्रबंधन का ही है. कहा कि फुसरो नगर परिषद में सीसीएल प्रबंधन सीएसआर मद से होल्डिंग टैक्स का भुगतान कर रहा है तो बीएसएल प्रबंधन क्यों नहीं कर सकता है.
