बेरमो से राकेश वर्मा की रिपोर्ट
Bokaro Crime News, बोकारो: बोकारो जिले के बेरमो थाना क्षेत्र अंतर्गत 5 नंबर धौड़ा में आपसी विवाद को लेकर हुई मारपीट में एक महिला की दर्दनाक मौत हो गई. पुलिस ने इस मामले में तत्परता दिखाते हुए घटना के 6 नामजद आरोपियों को त्वरित कार्रवाई कर गिरफ्तार कर लिया है और उन्हें जेल भेज दिया है. इस पूरे सनसनीखेज मामले का खुलासा बेरमो एसडीपीओ (SDPO) रविवार को रविंद्र सिंह ने बेरमो थाने में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान किया.
अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने घोषित किया मृत
एसडीपीओ रविंद्र सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि घटना 29 मई 2026 की रात करीब 9 बजे की है. 5 नंबर धौड़ा की रहने वाली अनिता देवी (पति महेश भुईयां) का उनके पड़ोस में रहने वाले बबलू कुमार, सुरेंद्र भुईयां, वीरेंद्र कुमार भारती, राहुल दिगार, धीरेन भुईयां, राजेश कुमार और कुछ अन्य लोगों के साथ किसी बात को लेकर विवाद शुरू हुआ था. देखते ही देखते यह बहस इतनी बढ़ गई कि दोनों पक्षों के बीच लाठी-डंडे और मारपीट शुरू हो गई. इस हिंसक झड़प में अनिता देवी को गंभीर चोटें आईंऔर वे लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ीं. परिजन उन्हें आनन-फानन में इलाज के लिए तत्काल ढोरी स्थित रीजनल अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने गहन जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया.
Also Read: जमशेदपुर : मुंह के कैंसर में 75% मामलों के पीछे गुटका-खैनी की लत, डॉक्टरों ने दी चेतावनी
महेश भुईयां के आवेदन पर केस दर्ज
घटना के बाद पुलिस ने शव का विधिवत मृत्यु समीक्षा रिपोर्ट (Inquest Report) तैयार कर उसे पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडलीय अस्पताल तेनुघाट भेज दिया. 30 मई 2026 को पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया. इस मामले में मृतिका के पति महेश भुईयां के लिखित आवेदन के आधार पर बेरमो थाने में कांड संख्या 63/26 दर्ज किया गया. मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस पदाधिकारियों के निर्देश पर अभियुक्तों की धरपकड़ के लिए एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया.
6 नामजद आरोपी भेजे गए जेल
गठित पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इलाके में ताबड़तोड़ छापेमारी की और प्राथमिकी में नामजद 6 मुख्य अभियुक्तों को दबोच लिया. गिरफ्तार किए गए आरोपियों में बबलू कुमार उर्फ बबलू भूईयां, सुरेंद्र भुईयां, वीरेंद्र कुमार भारती, राहुल दिगार, धीरेन भूईयां उर्फ धीरेन कुमार भारती और राजेश कुमार शामिल हैं. पुलिस ने आवश्यक कानूनी कागजी कार्रवाई पूरी करने के बाद सभी छह आरोपियों को न्यायिक हिरासत (Judicial Custody) में जेल भेज दिया है. एसडीपीओ ने बताया कि इस घटना में शामिल कुछ अन्य प्राथमिकी अभियुक्त फिलहाल फरार हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं और उन्हें भी जल्द ही कानून के शिकंजे में ले लिया जाएगा.
Also Read: रामगढ़: उपकारा का औचक निरीक्षण, सुरक्षा व्यवस्था का लिया गया जायजा
