बोकारो जिला क्रिकेट संघ के तत्वावधान में आयोजित जेएससीए अंतर जिला महिला अंडर 19 क्रिकेट टूर्नामेंट के फाइनल में बोकारो और देवघर की टीमें पहुंच गयी हैं. शुक्रवार को दोनों सेमीफाइनल मैच सेक्टर 4 स्थित बीएसएल किकेट स्टेडियम में खेले गये. पहले मैच में देवघर ने हजारीबाग को 14 रनों से पराजित किया. टॉस जीत कर पहले बल्लेबाजी करते हुए देवघर ने 19.4 ओवर में सभी विकेट खोकर 123 रनों का स्कोर बनाया. टीम की ओर से लक्ष्मी कुमारी ने 40, पूर्णिमा कुमारी ने 29 व जयमाला कुमारी ने 11 रन बनाये. गेंदबाजी में हजारीबाग की अंकिता कुमारी, वर्षा कुमारी व सलोनी कुमारी को दो-दो सफलता मिली. जवाबी पारी खेलते हुए हजारीबाग 20 ओवर में सात विकेट खोकर 109 रन ही बना सका. टीम की ओर से श्रेया साह ने 39, रिंकी कुमारी ने 13, सलोनी कुमारी ने 12 व सोनी कुमारी ने 11 रन बनाये. गेंदबाजी में देवघर की सोनिया कुमारी ने 23 रन देकर तीन व लक्ष्मी कुमारी ने 24 रन देकर दो विकेट लिये. जयमाला कुमारी व सुनीता कुमारी को एक-एक सफलता मिली.
बोकारो की खुशी प्लेयर ऑफ द मैच
दूसरे मैच में बोकारो ने खुशी कुमारी की धारदार गेंदबाजी की बदौलत जमशेदपुर को 22 रनों से पराजित किया. टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए बोकारो ने निर्धारित 20 ओवर में नौ विकेट खोकर 87 रन बनाये. टीम की ओर से वैष्णवी सिंह ने 20, तन्वी दत्ता ने 18, काजल कुमारी ने 14 एवं प्रिया राज ने नाबाद 11 रन बनाये. गेंदबाजी में जमशेदपुर की इशिका दीपक ने 11 रन देकर तीन विकेट लिये. प्राची प्रधान एवं मेघा कुमारी को दो-दो सफलता मिली. जवाबी पारी खेलने उतरी जमशेदपुर की टीम 15.3 ओवर में 65 रनों पर सिमट गयी. टीम की ओर से सर्वाधिक 35 रन नादिया अली ने बनाये. गेंदबाजी में बोकारो की खुशी कुमारी ने छह रन लेकर पांच व नीतू कुमारी ने 12 रन देकर दो विकेट लिये. प्रियंका राज व प्रांजलि को एक-एक सफलता मिली. बोकारो की खुशी कुमारी को प्लेयर ऑफ द मैच का अवार्ड मैच टीआरडीओ कविता राय एवं बीडीसीए के अध्यक्ष पीएन सिंह ने दिया. फाइनल मैच में बोकारो का मुकाबला देवघर के साथ 25 अप्रैल को होगा.
