Bokaro News: ऊसरडीह में जलजमाव से स्कूली बच्चों की राह मुश्किल, घुटने तक पानी और कीचड़ से ग्रामीण परेशान

बोकारो के बिजुलिया ऊसरडीह गांव में जलजमाव और जर्जर सड़क से ग्रामीण परेशान हैं। स्कूली बच्चों और ग्रामीणों को हो रही भारी दिक्कतों को लेकर प्रशासन से गुहार लगाई गई है।

तलगड़िया, बोकारो : बिजुलिया पंचायत के ऊसरडीह गांव में बिजुलिया हाई स्कूल के समीप बरसात के दिनों में जलजमाव और जर्जर रास्ते की समस्या से ग्रामीण परेशान हैं. समस्या के स्थायी समाधान की मांग को लेकर ग्रामीणों ने बोकारो उपायुक्त को आवेदन देकर संबंधित विभाग को आवश्यक निर्देश देने का आग्रह किया है.

तीन बड़े गड्ढों में भर जाता है पानी

ग्रामीणों के अनुसार, रेलवे लाइन के कारण गांव से महज करीब 10 मीटर की दूरी तय करने के लिए लगभग दो किलोमीटर घूमकर जाना पड़ता है. वर्तमान मार्ग पर करीब तीन बड़े गड्ढे हैं, जिनमें बारिश के दौरान जलनिकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने से पानी भर जाता है. कई जगह पानी घुटने से ऊपर तक पहुंच जाता है और कीचड़ के कारण पैदल चलना भी मुश्किल हो जाता है.

इस मार्ग से प्रतिदिन सैकड़ों स्कूली बच्चे आवागमन करते हैं. जलजमाव और कीचड़ के कारण विद्यार्थियों के अलावा महिलाओं और बुजुर्गों को भी परेशानी होती है. ग्रामीणों का कहना है कि दोपहिया वाहन चालकों के फिसलकर गिरने और दुर्घटनाग्रस्त होने का खतरा भी बना रहता है.

स्थायी समाधान की मांग

रेलवे लाइन के किनारे मौजूद वैकल्पिक कच्चा रास्ता भी बरसात में कीचड़ से भर जाता है. स्थानीय समाजसेवी अंबिका खवास ने अपने स्तर से रास्ते की मरम्मत का प्रयास किया है, लेकिन ग्रामीणों के अनुसार इससे समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका.

ग्रामीणों ने उपायुक्त से जलनिकासी की उचित व्यवस्था, सड़क का स्थायी निर्माण और सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित कराने की मांग की है. उनका कहना है कि आसपास के कई गांवों के लोग भी बरसात में ऐसी मूलभूत सुविधाओं की कमी से जूझ रहे हैं. ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से जल्द आवश्यक कार्रवाई की मांग की है.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat khabar news desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >