जैनामोड़, बोकारो : जरीडीह प्रखंड की विभिन्न पंचायतों में शुक्रवार को बेरमो विधायक कुमार जयमंगल सिंह ने कई योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया. इस दौरान जैनामोड़ पीएसएस से पथुरिया और पथुरिया से बगियारी तक 33 केवी लाइन का उद्घाटन किया गया.
कई योजनाओं का हुआ शिलान्यास
बांधडीह दक्षिणी पंचायत में हरि मंदिर से सायर बांध तक पीसीसी सड़क व नाली के ढक्कन निर्माण, चिलगड्डा पंचायत में खेल स्टेडियम और बांधडीह उत्तरी पंचायत के रजवारडीह में आंगनबाड़ी केंद्र का शिलान्यास विधायक ने नारियल फोड़कर किया.
इस मौके पर विधायक ने कहा कि पथुरिया सब स्टेशन के चालू होने से ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को बिजली की समस्या से राहत मिलेगी. उन्होंने कहा कि पूर्व मंत्री स्वर्गीय राजेंद्र प्रसाद सिंह ने ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली की समस्या दूर करने का जो सपना देखा था, वह अब पूरा होता दिख रहा है. पथुरिया में वर्षों से खंडहर पड़े भवन में सब स्टेशन का निर्माण हुआ है. अब यहां से जरीडीह और कसमार प्रखंड के बगियारी क्षेत्र के उपभोक्ताओं को नियमित बिजली आपूर्ति की जा सकेगी.
मौके पर प्रमुख देवनारायण भगत, निरंजन मिश्रा, पूर्व मुखिया राजू तिवारी, सुबोध मिश्रा, पंकज जायसवाल, प्रखंड अध्यक्ष संतोष महतो, विद्युत कार्यपालक अभियंता प्रभाकर समेत अन्य लोग मौजूद थे.
