बालीडीह : बालीडीह थाना के निकट फोरलेन पर हाइवा ने अपने आगे जा रहे एक बाइक को रौंदते हुए एक ऑटो में जोरदार टक्कर मार दी. घटना रविवार सुबह करीब साढ़े 10 बजे की है. इसमें एक की मौत हो गयी, जबकि चार जख्मी हो गये.
घटना के बाद घायलों को बालीडीह पुलिस व स्थानीय लोगों की मदद से अस्पताल भेजा गया. घटना में जरीडीह थाना क्षेत्र के टांड़ मोहनपुर निवासी बाइक (जेएच 09 एई 9916) सवार 64 वर्षीय नरेश प्रसाद व स्कूल बालीडीह मुस्लिम मोहल्ला निवासी ऑटो सवार 26 वर्षीय सोनू राय को बीजीएच में भर्ती कराया गया.
यहां नरेश प्रसाद की मौत हो गयी, जबकि सोनू राय की हालत गंभीर है. इसके अलावा करहरिया निवासी ऑटो चालक रफाकत अंसारी (25), ऑटो सवार स्कूल बालीडीह निवासी शिव करण केवट (21) तथा लक्ष्मी देवी (40) पति लालदेव केवट को घायल हुए. इनका इलाज सदर अस्पताल में कराया गया. घटना के बाद से हाइवा छोड़कर चालक फरार हो गया. बालीडीह पुलिस तीनों गाड़ियां जब्त कर मामले की जांच जुट गयी है.
हाइवा ने बाइक को सौ फुट घसीटा : प्रत्यक्षदर्शियो ने बताया : जैनामोड़ की ओर से एक ऑटो (जेएच 09 एएल 5675) और उसके पीछे बाइक (जेएच 09 एई 9916) बोकारो की ओर जा रही थी. इसी दौरान पीछे से तेज गति से आ रही हाइवा (जेएच 09 एडी 6797) ने बाइक को टक्कर मार दी. बाइक सवार समेत हाइवा के आगे फंस गयी. इससे पहले की लोग कुछ समझ पाते हाइवा ने ऑटो में जोरदार टक्कर मारी. बताया जाता है कि हाइवा, बाइक को घसीटते हुए करीब सौ फुट तक ले गयी. इधर ऑटो पलट गया.
