चास : चास नगर निगम क्षेत्र के धर्मशाला मोड़ व महावीर चौक पर लगी हाइमास्ट लाइट छह माह से खराब पड़ी है. स्थानीय लोगों व दुकानदारों ने निगम के जन प्रतिनिधियों को कई बार मौखिक शिकायत की है.
इसके बाद मरम्मत नहीं करायी गयी है. इधर, हाइमास्ट लाइट खराब रहने से शाम होते ही अंधेरा हो जाता है. इससे दुकानदारों को काफी परेशानी होती है. बाजार करने आने वाले लोगों को भी दिक्कत हो रही है. गौरतलब हो कि धर्मशाला मोड़ व महावीर चौक सबसे अधिक व्यस्त क्षेत्रों में आता है.
एजेंसी होगी ब्लैकलिस्टेड : चास नगर निगम के अपर नगर आयुक्त शशि प्रकाश झा ने कहा कि हाइ मास्ट लाइट के मेंटेनेंस के लिए बहाल की गयी एजेंसी ने काफी दिनों से मेंटेनेंस का कार्य नहीं किया है. एजेंसी को ब्लैक लिस्टेड किया जायेगा. साथ ही नयी एजेंसी बहाल की जायेगी. नयी एजेंसी बहाल होते ही दोनों हाइमास्ट लाइट को ठीक करा लिया जायेगा.
लोगों में है नाराजगी
हाइमास्ट लाइट नहीं जलने से शाम होते ही अंधेरा पसर जाता है. आम जनता व दुकानदारों के हित में खराब लाइट को ठीक करने की जरूरत है.
शशि कुमार, धर्मशाला मोड़
धर्मशाला मोड़ व महावीर चौक व्यस्त क्षेत्रों में आता है. लाइट के खराब होने से शाम को बाजार रौनक विहीन हो जाता है.
विवेक कुमार, धर्मशाला मोड़
लाइट काफी दिनों से खराब है. इसके कारण फुटपाथ दुकानदारों को दुकानदारी करने में काफी परेशानी हो रही है.
अक्षय मिश्रा, महावीर चौक
निगम को इस तरह की समस्या खुद दूर करना चाहिए. पता नहीं निगम के अधिकारी किस काम में व्यस्त हैं. जनप्रतिनिधि भी चुप हैं.
टिंकू जायसवाल, महावीर चौक
