- l20 दिनों में पांच महिलाओं व तीन लोगों के साथ हुई छिनतई
अजय सिंह, बोकारो : बोकारो के शहरी क्षेत्रों में अचानक छिनतई की घटनाओं में बढ़ोतरी हुई है. ठंड में पुलिस सुस्त पड़ी हुई है, वहीं अपराधी चुस्त हैं. ठंड की वजह से शाम होते ही आम लोग घरों में दुबक जाते हैं. इसी का फायदा उठाकर अपराधी शहर के विभिन्न क्षेत्रों में महिलाओं को टारगेट कर रहे हैं और छिनतई की घटना को अंजाम दे रहे हैं. गत 20 दिनों में बोकारो के विभिन्न क्षेत्रों में अपराधियों ने छिनतई की आठ घटना को अंजाम देकर पांच महिलाओं व तीन लोगों से नकदी समेत लगभग चार लाख 12 हजार सात सौ रुपये मूल्य का संपत्ति की छीन ली है.
टेंपो सवार महिला सॉफ्ट टारगेट : घटना के बाद आम लोगों को केवल एफआइआर दर्ज कराकर ही संतोष करना पड़ रहा है.
एक के बाद एक लगातार हो रही छिनतई की घटनाओं के बाद भी अपराधियों को गिरफ्तार करने में पुलिस को सफलता नहीं मिली है. इस तरह के अपराधी टेंपो पर सवार महिलाओं को अपना आसान टारगेट मानकर पर्स छिनतई की घटनाओं को अंजाम दे रहे है. अपराधियों का मनोबल इस कदर बढ़ा हुआ है कि वह शहर के मुख्य सड़क पर भी इस तरह की घटना को अंजाम देने में हिचक नहीं रहे है.
आठ घटनाओं में छीनी गयी 4.12 लाख रुपये मूल्य की संपत्ति
सेक्टर दो सी निवासी महिला सुनैना कुमारी टेंपो पर सवार होकर गत 06 दिसंबर को अपने घर लौट रही थी. बीएसएल प्रशासनिक भवन मोड़ के निकट बाइक सवार बदमाशों ने झपट्टा मारकर उनका पर्स छीन लिया. इस घटना में सुनैना टेंपो से नीचे गिरकर गंभीर रूप से जख्मी हो गयी थी.
सेक्टर चार डी निवासी सुजाता नंदी अपने पति के साथ 12 दिसंबर को कार से आवास के पास उतरी. इसी दौरान अचानक पीछे से दो बदमाश बाइक से आये. झपट्टा मारकर सुजाता नंदी के हाथ से उनका पर्स छीनकर फरार हो गये.
सेक्टर आठ सी निवासी प्रवीण कुमार सिंह अपनी पत्नी व साली के साथ 13 दिसंबर को टेंपो पर सवार होकर बोकारो रेलवे स्टेशन जा रहे थे. रेलवे स्टेशन से कुछ पहले सेंट्रल स्कूल नंबर तीन के पास बाइक सवार बदमाशों ने झपट्टा मारकर पत्नी के हाथ से पर्स छीन लिया.
माराफारी थाना क्षेत्र के आजाद नगर निवासी मो. कमर तौहिद खान 17 दिसंबर को अपनी पत्नी के साथ टेंपो पर सवार होकर सेक्टर चार से घर आ रहे थे. रितुडीह के पास बाइक सवार बदमाशों ने झपट्टा मारकर पत्नी के हाथ से पर्स छीन लिया.
सेक्टर तीन ई निवासी राजीव कुमार सिंह अपनी कार पर सवार होकर 17 दिसंबर की रात सेक्टर चार से अपने घर लौट रहे थे. सेक्टर तीन सी सरस्वती शिशु विद्या मंदिर के पास कुछ युवकों ने कार रोकने का इशारा किया. कार रूकते ही मारपीट कर श्री सिंह के पास से 50 हजार रुपया नकद समेत एक लाख रुपये मूल्य का सोना का चैन छीन लिया.
सेक्टर दो ए निवासी सुनील कुमार 25 दिसंबर की रात बस से नया मोड़ उतरे. इसके बाद वह पैदल अपने घर जा रहे थे. रास्ते मे सेक्टर दो ए में दो युवकों ने पिस्तौल का भय दिखाकर व मारपीट कर सात सौ रुपया नकद व एंड्राॅयड मोबाइल फोन छीन लिया.
दुमका निवासी विकास सोरेन रेलवे स्टेशन से टेंपो से 25 दिसंबर की रात नया मोड़ आये. नया मोड़ में टेंपो से उतर कर वह अपने मित्र को फोन कर बुला रहे थे. इसी दौरान दो युवक आये. चाकू से हमला कर दो हजार रुपये नकद, मोबाइल व अन्य समान छीन लिया.
चास के रामनगर कॉलोनी निवासी संजय कुमार 27 दिसंबर को अपनी पत्नी व बच्चो के साथ टेंपो से सेक्टर चार जा रहे थे. हवाई अड्डा के पास बाइक सवार बदमाशों ने झपट्टा मारकर पत्नी से पर्स छीन लिया. पर्स में पांच हजार रुपये नकद व अन्य सामान था.
गांधीनगर में राजद ने बांटी मिठाई
गांधीनगर. हेमंत सोरेन के मुख्यमंत्री और चतरा से राजद विधायक सत्यानंद भोक्ता के मंत्री पद की शपथ लेने पर रविवार को कुरपनिया में राजद कार्यकर्ताओं ने मिठाइयां बांटी. राजद नेता मो सरफुद्दीन ने कहा कि हेमंत सरकार राज्य के विकास में अहम भागीदारी निभायेगी. हर वर्ग का विकास होगा. मौके पर मो सरफुद्दीन, मो जमील, नसीम खान, समीर नायक, मो इसहाक, राजेंद्र राम, रवि कुमार, मो सऊद शामिल थे.
