बोकारो : बोकारो शहर में डोर-टू-डोर कचरा उठाव का काम एक दिसंबर से बंद है. कारण, सफाई कर्मियों के कचरा उठाने का टेंडर खत्म हो गया है. नया टेंडर नहीं होने के कारण एक तरफ शहर में जगह-जगह कचरा का अंबार लग गया है तो दूसरी ओर सफाई कर्मी बेरोजगार हो गये हैं. समय रहते पहल नहीं हुई अगले चरण में इस्पात भवन पर धरना दिया जायेगा. ये बातें जय झारखंड मजदूर समाज के महामंत्री बीके चौधरी ने गुरुवार को कही.
श्री चौधरी के नेतृत्व में नगर प्रशासन के मुख्य महाप्रबंधक के सामने सफाई कर्मियों ने अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन शुरू किया. श्री चौधरी ने कहा : जन स्वास्थ्य विभाग की ढुलमूल नीति के कारण एक तारीख से डोर-टू-डोर कचरा कलेक्शन व नगर से लेकर सिटी सेंटर तक सड़क, स्ट्रीट में झाडू से साफ-सफाई का काम बंद है. इससे कचड़ा का अंबार लग गया है. दुर्गंध के कारण लोग परेशान है.
श्री चौधरी ने कहा : दर्जनों महिला-पुरुष सफाई मजदूरों के परिवारों के सामने भूखमरी की स्थिति पैदा होती जा रही है. लेकिन, प्रबंधन का ध्यान इस ओर नहीं जा रहा है. अगर अब भी जन स्वास्थ्य विभाग संवेदनशील नहीं हुआ तो सफाई कर्मी सपरिवार इस्पात भवन के सामने धरना देंगे. धरना में मुख्य रूप से राजू डोम, अमर कालन्दी, जीतेंद्र राम, मेधा कालिंदी, बिरजू डोम, कृष्णा राम, उमा कालिंदी, निताई राम, अजय डोम आदि शामिल थे.
