प्रेसवार्ता में मंत्री ने दी जानकारी
चंदनकियारी : चास व चंदनकियारी अंचल के री सर्वे सेटलमेंट काम शुक्रवार से शुरू होगा. इस कार्य की सारी तैयारी पूरी कर ली गयी है. प्रखंड के जसपुर स्थित बालिका विद्यालय प्रागंण में आइआइटी रुड़की पदाधिकारी के मार्गदर्शन में अंचल अधिकारी मौजा वार जा कर सर्वे सेटलमेंट का कार्य करेंगे.
सभी रैयतों से आग्रह है कि वे अधिकारियों के साथ मिल कर इस कार्य को सफल बनाएं और जिन्हें जानकारी नहीं है उनको भी बताएं. उक्त बातें चंदनकियारी विधायक सह मंत्री अमर कुमार बाउरी ने प्रखंड के बरमसिया स्थित डाकबंगला में गुरुवार को संवाददाता सम्मेलन में कही. कहा कि कैबिनेट में स्वीकृति के बाद इस संबंध में अधिसूचना जारी कर दी गयी है.
डीआइएलआरएमपी योजना के तहत पायलट प्रॉजेक्ट के रूप में आधुनिक तकनीक से राज्य के असर्वेक्षित अंचलों में सर्वे का काम किया जा रहा है. चंदनकियारी अंचल अंतर्गत 130 मौजा ओर चास अंचल के 133 मौजा में सर्वे किया जाएगा. उन्होंने कहा कि वर्षों से सर्वे सेटलमेंट का कार्य लंबित रहा, लेकिन नरेंद्र मोदी और रघुवर दास की डबल इंजन की सरकार के प्रयास से सर्वे सेटलमेंट का कार्य शुरू किया गया है.
चंदनकियारी में हुए कई विकास कार्य : चंदनकियारी आज स्वावलंबी बन रहा है. जो कार्य असंभव लग रहे थे उसे डबल इंजन की सरकार ने संभव कर दिखाया है. सरकार के प्रयास से चंदनकियारी में पांच नए सब स्टेशन, पावर ग्रिड का निर्माण करवाया गया है. चंदनकियारी में सड़कों का जाल बिछाया गया है. बाइ पास रोड का निर्माण किया गया है. चंदनकियारी में भी अब डिग्री कॉलेज, इंजीनियरिंग कॉलेज खुल रहा है. गवाई बराज का निर्माण करवाया गया है.
पुस्तक का किया विमोचन : मंत्री ने चंदनकियारी में विकास कार्यों को लेकर चंदनकियारी का पांच साल बेमिसाल नामक पुस्तक का विमोचन किया.कहा कि यह पुस्तक जनता को समर्पित है. कार्यकर्ताओं से कहा कि वे जनता के बीच जा कर सरकार के किये कार्यों की जानकारी दे सकते है. इस दौरान स्थानीय ग्रामीणों व कार्यकर्ताओं ने मंत्री का स्वागत किया.
मौके पर भाजपा प्रखंड बीस सूत्री अध्यक्ष लोकेश साहनी, देवाशीष सिंह, बिभाष महतो, जयदेव राय, रमन महथा, लालमोहन सिंह चौधरी, निमाई महथा,राजकपूर सिंह, निबारन सिंह, सुबोध चक्रवर्ती, मो हासिम अंसारी, विद्युत चक्रवर्ती, मटर साहनी, प्रदीप माजी, सुदेश सिंह आदि उपस्थित थे.
