3.16 करोड़ रुपये से बन रहा है भवन
विशेष प्रमंडल विभाग की देखरेख में हो रहा निर्माण
जांच के बाद पंचायत प्रतिनिधियों ने किया हंगामा
चास : 3.16 करोड़ रुपये से बन रहे नये चास प्रखंड कार्यालय भवन में पुरानी छड़ और घटिया निर्माण सामग्री का का उपयोग किया जा रहा है. प्रखंड प्रमुख सरीता देवी के नेतृत्व में पंचायत प्रतिनिधि गुरुवार को निर्माण कार्य की जांच करने पहुंचे तो यह बात सामने आयी. पंचायत प्रतिनिधियों ने इसका विरोध करते हुए घटिया ईंटों और अन्य निर्माण सामग्रियों को फेंक दिया. इसकी जानकारी मिलते ही बीडीओ संजय शांडिल्य पहुंचे और निर्माणाधीन भवन का निरीक्षण किया. घटिया सामग्री लगाये जाने की शिकायत विशेष प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता से की. इस भवन का निर्माण विशेष प्रमंडल विभाग की देखरेख में ही हो रहा है. संवेदक कंपनी का नाम ममता इंटरप्राइजेज है.
बीडीओ ने कहा कि शीघ्र ही डीसी से मिल कर मामले की जांच कराने का आग्रह किया जायेगा. प्रखंड प्रमुख ने कहा कि भवन की जोड़ाई में चिमनी भट्ठा की ईंटों की जगह बांग्ला भट्ठा की घटिया ईंटों का उपयोग किया जा रहा है. दो दिन हुई बारिश से जोड़ाई की गयी ईंटें गल रही हैं. ऐसे में भवन का भविष्य कितना दिन तक रहेगा. अगर संवेदक पर कार्रवाई नहीं हुई तो पंचायत प्रतिनिधियों की ओर से चरणबद्ध आंदोलन किया जायेगा. मौके पर उपप्रमुख नित्यानंद सिंह चौधरी, पंसस रघुनाथ टुडू, सामाजिक कार्यकर्ता किरण मांझी सहित अन्य पंचायत प्रतिनिधि मौजूद थे.
