बोकारो : भारत सरकार के कैबिनेट सचिव प्रदीप कुमार सिन्हा ने बुधवार को ग्राम स्वराज अभियान फेज-2 के तहत देश के विभिन्न जिलाें के उपायुक्तों के साथ वीडियो संवाद किया. बोकारो जिला से वीडियो संवाद के दौरान डीसी मृत्युंजय कुमार बरनवाल उपस्थित थे. वीडियो संवाद में कैबिनेट सचिव ने ग्राम स्वराज अभियान फेज-2 के तहत चुने गये गांवों में भारत सरकार द्वारा संचालित 07 फ्लैगशिप योजनाओं को 15 अगस्त तक शत-प्रतिशत लाभुकों को आच्छादित करने का निर्देश दिया.
डीसी ने बताया : बोकारो जिला से ग्राम स्वराज अभियान फेज-2 के तहत 367 ग्राम चुने गये है. इसमें प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत अबतक 36,718 लाभुकों को मुफ्त में चूल्हा सहित गैस सिलिंडर, उजाला योजना के तहत 29,360 लक्ष्य के विरुद्ध 36,145 लाभुकों को एलइडी बल्ब प्रदान किया गया है.
प्रधानमंत्री सहज बिजली हर घर सौभाग्य योजना के तहत अबतक 15,200 लाभुकों को विद्युत का कनेक्शन दिया जा चुका है. वहीं प्रधानमंत्री जनधन योजना के तहत 48,318 लाभुकों का खाता विभिन्न बैंकों में खोला गया है, जो कि लक्ष्य से अधिक है. मिशन इंद्रधनुष व प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना एवं प्रधानमंत्री जीवन ज्योति योजना के तहत शत-प्रतिशत लक्ष्यों को प्राप्त कर लिया गया है.
वीडियो संवाद के दौरान डीडीसी रवि रंजन मिश्रा, जिला आपदा प्रबंधन पदाधिकारी शक्ति कुमार, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी सुमन गुप्ता, वरीय लेखा पदाधिकारी -सह- नोडल पदाधिकारी ग्राम स्वराज अभियान फेज-2 पंकज दुबे सहित अन्य उपस्थित थे.
