आरओ वाटर टैंक में मिला कीड़ा, फ्रीज में सड़ा फल
सफाई को लेकर भी दिखी लापरवाही
चंदनकियारी : चंदनकियारी कस्तूरबा आवासीय बालिका विद्यालय में छात्राओं को भरपेट भोजन तक नहीं दिया जाता है. छात्राओं से काम कराया जाता है. छोटी-छोटी गलतियों के लिए अमानवीय रूप से दंडित किया जाता है. यह सब बातें शनिवार को राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग की अध्यक्ष आरती कुजूर के औचक निरीक्षण में सामने आयी. उन्होंने कहा कि इन मुद्दों को लेकर बोकारो उपायुक्त से बात की जायेगी और सरकार, शिक्षा विभाग व आयोग को रिपोर्ट दी जायेगी. आयोग की अध्यक्ष ने छात्राओं और शिक्षिकाओं से अलग-अलग मिल कर समस्या सुनी. साथ ही छात्रावास, वर्ग कक्ष, शौचालय, भोजनालय का घूम-घूम कर निरीक्षण किया. विद्यालय की आरओ वाटर टैंक में तैरता कीड़ा और रसोई के फ्रिज में सड़ा हुआ फल मिला. भोजन व्यवस्था में भी कई अनियमितता मिली.
साफ-सफाई का भी अभाव मिला. विद्यालय में नामांकित 200 छात्राओं की तुलना में शिक्षिकाओं की कमी मिली. वार्डन भी नहीं है. आयोग की अध्यक्ष ने शिक्षा विभाग के पदाधिकारियों और संबंधित अन्य अधिकारियों को व्यवस्था सुधारने का निर्देश दिया. आयोग की अध्यक्ष ने रुखसार खातून की मौत के मामले को लेकर भी छात्राओं से पूछताछ की और घटनास्थल का निरीक्षण किया. हालांकि उन्होंने घटना को लेकर निरीक्षण की बात से इनकार करते हुए कहा कि विगत दिनों रांची मिशनरी से बच्चे बेचने के मामले को लेकर सभी संस्थाओं में सुरक्षा के मद्देनजर निरीक्षण किया जा रहा है. निरीक्षण के दौरान मुख्य रूप से आयोग के राज्य सदस्य पीयूष सेनगुप्ता, बोकारो जिला बाल कल्याण समिति के अध्यक्ष डॉ विनय, जिला बाल कल्याण समिति सदस्य सुधीर कुमार सिंह, कल्याण समिति जिला पदाधिकारी अनिता झा, सीएस कार्यालय बोकारो के चिकित्सक डॉ कामख्या नारायण, कल्याण समिति जिला सदस्य सरिता कुमारी, कल्याण समिति सदस्य गौतम सागर उपस्थित थे.
1098 नंबर पर डायल कर कर सकती हैं शिकायत
छात्राओं से बात करने पर पता चला कि शिक्षिकाओं और छात्राओं के बीच मित्रवत संबंध की कमी है. आयोग की अध्यक्ष ने सभी छात्राओं से गुप्त रूप से चाइल्ड हेल्प लाइन संख्या 1098 पर डायल कर अपनी समस्या सुनाने की बात कही. कहा कि शिकायत करने वाली छात्राओं का नाम गोपनीय रखा जायेगा. विद्यालय प्रबंधन को हेल्प लाइन डायल करने की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.
