कसमार : कसमार प्रखंड अंतर्गत खैराचातर पंचायत के बनिया टोला में विद्युत आपूर्ति को लेकर विवाद बढ़ता जा रहा है़ इस मामले में बिजली विभाग के कनीय अभियंता द्वारा राजेश कुमार राय व सौरभ कुमार राय पर मुकदमा दर्ज कर दिये जाने से लोगों में विभाग व प्रशासन के खिलाफ काफी आक्रोश बढ़ गया है़
शुक्रवार को कसमार बीडीओ कीकू महतो व सीओ खगेन महतो को ग्रामीणों के आक्रोश का सामना करना पड़ा़ बीडीओ व सीओ इस मामले को लेकर खैराचातर बाजारटांड़ पहुंचे थे़ इसकी जानकारी मिलते ही काफी संख्या में ग्रामीण महिला व पुरुष पहुंचे और उनका घेराव किया. ग्रामीणों ने कहा कि कुछ लोगों ने गंदी मानसिकता के तहत विभाग को उकसाकर झूठा मुकदमा दर्ज कराया है़ आक्रोश को देखते हुए बीडीओ व सीओ मामला सुलझाने का आश्वासन देकर निकल गये़ मौके पर जिप सदस्य जगदीश महतो भी मौजूद थे़
क्या है मामला : खैराचातर बाजारटांड़ में बीते 18 जुलाई को एचटी तार टूट जाने से बनियाटोला में विद्युत आपूर्ति ठप है़ यह दूसरा मौका है, जब बाजारटांड़ में एचटी तार टूट कर गिरा है और बड़ा हादसा टला है़ पिछले अक्तूबर में दुर्गापूजा के समय भी एचटी तार टूटकर गिरा था एवं बड़ा हादसा होते-होते बचा था़ तब बाजारटांड़ के ग्रामीणों ने बाजार के उपर से एचटी तार ले जाने का विरोध करते हुए तार जोड़ने से रोक दिया था़ ग्रामीणों का कहना था कि बाजार में हजारों लोगों की भीड़ रहती है़ अगर भीड़ पर कभी तार टूटकर गिर जाये तो जान-माल का बड़ा नुकसान हो सकता है़
ग्रामीणों ने इसकी वैकल्पिक व्यवस्था करते हुए बनिया टोला में विद्युत आपूर्ति कराने का आग्रह किया था़ उस समय कतिपय लोगों की पहल तथा विभाग के इस आश्वस्त के बाद कि पूजा के बाद इसे बदल कर केबुल तार लगाया जायेगा, तार जोड़कर विद्युत आपूर्ति बहाल करायी गयी थी़ लेकिन दस बाह बीत जाने के बाद भी विभाग ने इस ओर फिर ध्यान नहीं दिया़ 18 जुलाई को दोबारा तार टूटने के बाद ग्रामीणों में पुन: आक्रोश फैला एवं जान-माल का नुकसान का हवाला देते हुए तार जोड़ने से रोक दिया़ ग्रामीणों ने वैकल्पिक व्यवस्था करने के बाद ही विद्युत आपूर्ति करने की बात रखी़ इसी बीच तीन दिन पूर्व विभाग के कनीय अभियंता ने राजेश कुमार राय एवं सौरभ कुमार राय पर काम बाधित करने का आरोप लगाते हुए मुकदमा कर दिया़ इससे ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त है एवं गांव में तनाव का माहौल उत्पन्न हो गया है़
खतरा और भी है !
खतरा केवल बाजारटांड़ तक सीमित नहीं है़ इस एचटी तार को बाजार के ही बगल में स्थित बाबू बांध नामक तालाब के ऊपर से लाया गया है़ ग्रामीणों का कहना है कि तालाब में हमेशा दर्जनों लोग रहते हैं. अगर तार टूटकर कभी तालाब पर गिर गया तो कई लोगों की जान जा सकती है़ इसे भी हटाने की जरूरत है़ ग्रामीणों ने एचटी तार की गुणवत्ता की जांच की मांग भी की. ग्रामीणों का कहना है कि बार-बार एचटी तार का टूटकर गिरना उसकी गुणवत्ता पर सवाल खड़ा करता है़
17 दिनों से अंधेरे में है बनिया टोला
इधर, बनिया टोला की आबादी 17 दिनों से अंधेरे में है़ इस कारण उनके समक्ष कई तरह की परेशानी उत्पन्न हो गयी है़ बनिया टोला के ग्रामीणों ने कहा कि बिजली नहीं रहने के कारण मुहल्ले के लोग काफी कठिनाइयों व परेशानियों का सामना कर रहे हैं. इसका स्थायी समाधान निकालकर विद्युत आपूर्ति कराने की जरूरत है़ वे लोग नहीं चाहते कि आपस में कोई टकराव हो़
