चास : कुंवर सिंह कॉलोनी निवासी शैलेश बैठा की पत्नी संगीता देवी (30) का शव रविवार को चास पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर मायकेवालों को सौंप दिया. रविवार की अलसुबह मृतक संगीता के पिता कोलकाता के कचरापारा निवासी मदन बैठा संबंधियों के साथ कुंवर सिंह कॉलोनी पहुंचे. मृतका के पिता श्री बैठा ने चास थाना में ससुराल वालों पर दहेज के लिए हत्या करने का आरोप लगाया.
बताया कि अक्सर दहेज के लिए पुत्री को प्रताड़ित किया जाता था. इस कारण पुत्री ससुराल में नहीं रहना चाहती थी. थाना प्रभारी ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद अग्रिम कार्रवाई करने की बात कही. इससे पूर्व मृतका के परिजन सुबह कुंवर सिंह कॉलोनी में पहुंचे. यहां दोनों पक्षों के बीच बहस व हल्की झड़प भी हुई. इसके बाद मायकेवाले चास थाना पहुंचे. इस दौरान मृतका का पति शैलेश मौके पर नहीं था.
छह वर्षीय पुत्री ने दी मुखाग्नि : मृतका के पिता की रजामंदी से शव का अंतिम संस्कार चेकपोस्ट के निकट गरगा नदी स्थित मां काली श्मशान घाट में कर दिया गया. मुखाग्नि एकमात्र पुत्री छह वर्षीय दिया कुमारी ने दी. इससे पूर्व चास पुलिस ने पुत्री दिया की जिम्मेदारी मृतका के मायके वालों को दी.
