रांचीः भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने आज झारखंड के रांची में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा. उन्होंने भूमि अधिग्रहण बिल का कांग्रेस द्वारा विरोध किये जाने को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि जो कांग्रेस भूमि अधिग्रहण बिल का विरोध कर रही है खुद उसका अपना दामाद भूमि घोटाले में फंसा हुआ है.
विभिन्न राज्यों के दौरे के अपने अगले चरण में अमित शाह कल रांची पहुंचे. उन्होंने मुख्यमंत्री रघुवर दास से मुलाकात कर सरकार द्वारा किये जा रहे कार्यो की जानकारी ली. मुख्यमंत्री ने भी पिछले 100 दिन में किये गये कार्यो का लेखा-जोखा रखा. मंत्री नीरा यादव और रामचंद्र चंद्रवंशी ने भी अपने विभाग के कार्यो की जानकारी दी.
गौरतलब है कि भाजपा अध्यक्ष अमित शाह वर्तमान में देश के दौरे पर हैं. वे राज्यों में जाकर अपनी पार्टी के काम-काज की समीक्षा कर रहे हैं साथ ही आगामी चुनावों को देखते हुए रणनीति तैयार कर रहे हैं. शाह दौरे में पार्टी के जिले स्तर की इकाइयों से भी बातचीत कर रहे हैं. और इस तरह निचली स्तर पर बातचीत करने वाले वह भाजपा के पहले राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं.
मोदी सरकार के गठन के बाद पिछले साल जुलाई माह में इन्हें भाजपा अध्यक्ष की कमान सौंपी गयी थी.
